इंदौर: शहर में लूट-डकैती की वारदातों पर कार्रवाई करते हुए भंवरकुआ पुलिस ने मेरठ की अंतर्राज्यीय गैंग का पर्दाफाश कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी व्यापारी को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे, जिन्हें घटना से पहले ही धर दबोचा गया. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 33 मोबाइल, एक लैपटॉप, औजार और घटना में उपयोग कार समेत करीब 50 लाख रुपए का माल जब्त किया है.
पुलिस उपायुक्त जोन 4 सुनील मेहता ने बताया कि आरोपियों ने एक सप्ताह पूर्व इंदौर के तीन इमली, राजेंद्र नगर और भंवरकुआ क्षेत्र में लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था. पूछताछ में आरोपियों ने महाराष्ट्र के नासिक-धूलिया तथा गुजरात के बड़ोदरा, सूरत, वापी, दाहोद सहित अन्य क्षेत्रों में भी वारदात करना स्वीकार किया है. सभी आरोपी आदतन अपराधी हैं, जिन पर पूर्व में कई प्रकरण दर्ज हैं. मामले में एक टीम गठित की गई थी. 15 जून की रात हिम्मत नगर पालदा क्षेत्र में गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद मारुति सुजुकी कार में 5 बदमाश व्यापारी को लूटने की योजना बना रहे हैं. सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की. बदमाश एक्सीडेंट का बहाना कर कार रुकवाने, ड्राइवर की आंख में मिर्ची डालकर रुपए से भरा बैग लूटने और अलग अलग दिशाओं में भागने की योजना बना रहे थे. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को पकड़ लिया. भागने की कोशिश में आरोपियों को चोटें भी आईं, जिनका उपचार कराया.
सामान इकट्ठा कर बेचने की थी योजना
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मेरठ से लूटपाट के उद्देश्य से कार से निकले थे और विभिन्न शहरों में वारदात कर मोबाइल व सामान इकट्ठा कर मेरठ में बेचने की योजना थी. पुलिस जब्त मोबाइल के आईएमईआई नंबर के आधार पर संबंधित मामलों की जानकारी जुटा रही है. गिरफ्तार आरोपियों में कुलदीप पाल उम्र 33 साल, नाजिम कुरैशी उम्र 25 साल, महफूज उम्र 40 साल, शोएब कुरैशी उम्र 27 साल और मोहम्मद शकील उम्र 33 साल निवासी मेरठ (उत्तरप्रदेश) शामिल हैं. सभी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
