सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के थाना मालथौन पुलिस ने अवैध शराब का परिवहन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में शराब एवं परिवहन में प्रयुक्त कार जप्त की है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना मालथौन पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि एनएच-44 सागर-ललितपुर मार्ग स्थित मालथौन कट के पास एक कार में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां दो युवकों द्वारा एक संदिग्ध कार को रोके रखा गया था। पुलिस द्वारा मौके पर खड़ी मारुति सुजुकी एस-प्रेसो कार क्रमांक MP15ZJ6322 की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से कुल 07 पेटियों में भरी 60.480 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। जप्त शराब में 300 क्वार्टर देशी लाल मसाला शराब (54 लीटर) तथा 36 क्वार्टर बॉम्बे स्पेशल व्हिस्की (6.480 लीटर) शामिल हैं।पुलिस ने मौके से आरोपी भूपेन्द्र सिंह राजपूत (46 वर्ष) निवासी ग्राम लुहर्रा, जिला टीकमगढ़ एवं तूफान राय (42 वर्ष) निवासी ग्राम बम्होरी हुड्डा, थाना बांदरी, जिला सागर को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से बरामद शराब की कीमत लगभग ₹34,320 तथा परिवहन में प्रयुक्त कार की कीमत लगभग ₹1,00,000 आंकी गई है। इस प्रकार कुल जप्त मशरूका की कीमत लगभग ₹1,34,320 है।
