भोपाल: राजधानी में ब्लू लाइन मेट्रो परियोजना का निर्माण कार्य अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। भदभदा से रत्नागिरी तक प्रस्तावित इस मेट्रो कॉरिडोर के तहत रंगमहल चौराहे पर निर्माण की शुरुआत कर दी गई है। मेट्रो परियोजना को लेकर क्षेत्र में निर्माण एजेंसियों की गतिविधियां तेज हो गई हैं।मेट्रो लाइन के निर्माण के लिए सड़क के बीच बने डिवाइडर को हटाने का कार्य किया जा रहा है, ताकि मेट्रो के पिलर और अन्य आवश्यक संरचनाओं के निर्माण के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराया जा सके। निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
ब्लू लाइन मेट्रो परियोजना के पूरा होने के बाद भोपाल के सार्वजनिक परिवहन तंत्र को बड़ी मजबूती मिलने की उम्मीद है। इससे शहर के लोगों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा, साथ ही सड़क पर वाहनों का दबाव कम होने और ट्रैफिक समस्या में भी राहत मिलने की संभावना है। यह परियोजना राजधानी के आधुनिक शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
