सबालेंका, जोकोविच, अल्काराज यूएस ओपन के क्वार्टर फाइनल में

न्यूयॉर्क, 01 सितंबर (वार्ता) विश्व की नंबर एक खिलाड़ी आर्यना सबालेंका, सर्बियाई टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच और स्पेन के दिग्गज कार्लोस अल्काराज ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज कर यूएस ओपन के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।

लुइस आर्मस्ट्रांग स्टेडियम में एकल वर्ग के मुकाबले में सबालेंका ने स्पेन की क्रिस्टीना बुक्सा को 6-1, 6-4 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। अपने शुरुआती तीन राउंड में कड़ी परीक्षा दे चुकी गत चैंपियन को फ्लशिंग मीडोज में विश्व की 95वें नंबर की खिलाड़ी को हराने और लगातार पाँचवीं बार अंतिम-आठ में जगह बनाने में केवल 73 मिनट लगे।

सबालेंका का अगले दौर में मुकाबला कजाकिस्तान की एलिना रिबाकिना और चेक गणराज्य की मार्केटा वोंद्रोसोवा के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा।

आर्थर ऐश स्टेडियम में रविवार रात नोवाक जोकोविच ने जर्मनी के जान-लेनार्ड स्ट्रफ को हराकर एक ही सीजन में चारों ग्रैंड स्लैम के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले सबसे उम्रदराज़ खिलाड़ी बनकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। वहीं अल्काराज ने ओपन युग में 13 ग्रैंड स्लैम क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बनने की उपलब्धि हासिल की।

एक घंटे 49 मिनट तक चले मुकाबले 38 वर्षीय सर्बियाई खिलाड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जर्मन क्वालीफायर जान-लेनार्ड स्ट्रफ को 6-3, 6-3, 6-2 से हराकर अपने करियर के 14वें यूएस ओपन क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

जोकोविच का अगला मुकाबला अमेरिकी नंबर 4 सीड टेलर फ्रिट्ज से होगा, जिन्होंने इससे पहले चेक गणराज्य के टॉमस मचाक को सीधे सेटों में हराया था।

मैच के बाद साक्षात्कार में जोकोविच ने कहा, “अगर आप अच्छी सर्विस करते हैं तो यह निश्चित रूप से मददगार होता है। मुझे लगता है कि पिछले राउंड में और आज भी मेरी सर्विस बहुत अच्छी रही। शायद मुझे उतनी मेहनत करने की ज़रूरत नहीं है। अपने करियर के ज़्यादातर समय मैं बेसलाइन से दौड़ता, फिसलता और घिसटता रहा हूं। लेकिन जब सही समय आता है, तो मैं आक्रामक होने का प्रयास करता हूं। रात भी ऐसा ही हुआ।”

इस जीत के साथ जोकोविच ने रोजर फेडरर और आंद्रे अगासी को भी पीछे छोड़ दिया, जो दोनों 13-13 यूएस ओपन क्वार्टर फ़ाइनल में पहुँचे थे, और अब वह 14-14 के साथ अकेले खड़े हैं। ओपन एरा रिकॉर्ड बुक में अब वह केवल कॉनर्स से पीछे हैं, जो 17 क्वार्टर फाइनल तक पहुंच चुके हैं।

एक अन्य मुकाबले में स्पेन के सनसनीखेज खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज ने दर्शकों को एक बार फिर चकित कर करते हुए फ्रांस के आर्थर रिंडरकनेच को सीधे सेटों में हराकर 2025 यूएस ओपन के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

दूसरे नंबर के खिलाड़ी ने अल्काराज ने रिंडरकनेच पर 7-6(3), 6-3, 6-4 से जीत हासिल की और ओपन युग में 13 ग्रैंड स्लैम क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए।

अल्काराज ने 19 साल की उम्र में यूएस ओपन जीतकर सबसे कम उम्र के विश्व नंबर वन खिलाड़ी बनकर 2022 में न्यूयॉर्क में इतिहास रचा था, अब अंतिम आठ में चेक गणराज्य के 20वें वरीय जिरी लेहेका से मुकाबला करेंगे। लेहेका ने फ्रांस के एड्रियन मन्नारिनो को 7-6(4), 6-4, 2-6, 6-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई है।

Next Post

इंडोनेशिया के राष्ट्रपति ने शांति व्यवस्था बनाये रखने का संकल्प दोहराया

Mon Sep 1 , 2025
जकार्ता, 01 सितंबर (वार्ता): इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो ने देश भर के कई क्षेत्रों में हो रहे हालिया प्रदर्शनों के मद्देनजर सार्वजनिक व्यवस्था और सुरक्षा को बनाए रखने का संकल्प दोहराया है। उन्होंने रविवार को जारी एक बयान में कहा कि राजनीतिक दलों ने अपने उन सदस्यों के खिलाफ […]

You May Like