
शुजालपुर। शहर में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब शराब से भरा एक ट्रक बिना चालक के अचानक सडक़ पर दौड़ पड़ा और लोहिया मार्ग स्थित बैंक ऑफ इंडिया के बाहर खड़ी कैश वैन से जा टकराया, टक्कर से कैश वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रोकडिया हनुमान मंदिर के समीप आबकारी विभाग के गोदाम में शराब खाली करने के लिए दो ट्रक सुबह डिस्टलरी से पहुंचे थे. एक ट्रक को गोदाम के गेट से अंदर करने के लिए उसका ड्राइवर नीचे उतरा और दूसरे ट्रक में चढ़ गया. वह अपने ट्रक को न्यूट्रल गियर में ही छोडक़र चला गया था,जो अचानक अपने आप चल पड़ा और सडक़ पर तेज गति से आगे बढ़ते हुए बैंक के बाहर खड़ी कैश वैन से टकरा गया. घटना के समय सुबह लगभग 7 बजे होने से आसपास लोगों की आवाजाही कम थी और गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कैश वैन क्षतिग्रस्त हो गई और एक पोल भी टूटकर गिर गया. यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, ट्रक में 1200 पेटी शराब लदी हुई थी, सूचना मिलने पर आबकारी विभाग, पुलिस और बैंक का अमला मौके पर पहुंच गया है. घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफ रा तफ री का माहौल बन गया. लोगों ने प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्ती बरतने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
