इटारसी में पागल सियार का आतंक: रिहायशी इलाके में घुसकर महिला और बच्चे समेत 13 लोगों को काटा, इलाके में दहशत

इटारसी। नाला मोहल्ला, भगत सिंह नगर में सोमवार रात करीब 10 बजे एक पागल सियार ने रिहायशी इलाके में घुसकर लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना में महिला और बच्चे समेत करीब 10 से 12 लोग घायल हो गए, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

महिला के जबड़े पर किया हमला, आए 10 टांके

हमले में 55 वर्षीय कौशल्या बाई प्रजापति गंभीर रूप से घायल हुई हैं। सियार ने उनके चेहरे और जबड़े को बुरी तरह नोच लिया। उन्हें तुरंत इटारसी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनके जबड़े पर करीब 10 टांके लगाए गए हैं।

10 साल के बच्चे समेत कई लोग घायल

सियार ने रास्ते में आने वाले कई अन्य लोगों को भी काट कर घायल कर दिया। घायलों में शकील अहमद, महेंद्र साहू, अभय प्रजापति, संजय प्रजापति, सिमरन मौर्य और एक 10 वर्षीय बच्चा शामिल है।

अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज

सरकारी अस्पताल में तैनात डॉ. विकास जयपुरिया ने बताया कि 10 से 12 घायलों को अस्पताल लाया गया है। सभी मरीजों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें एंटी-रेबीज इंजेक्शन और ड्रेसिंग दी गई है। फिलहाल सभी को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

मोहल्ले में फैला खौफ, लाठी-डंडों के साथ पहरा

स्थानीय निवासियों का मानना है कि सियार पास की झाड़ियों या जंगलों से भटककर बस्ती में आ गया था। घटना के बाद इलाके में खौफ का सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग सुरक्षा के लिए लाठी-डंडे लेकर पहरा दे रहे हैं।

यह हुए घायल

हमले में घायल होने वालों में कौशल्या बाई (54), सलमान शाह (31), अभिषेक पाल (30), इसराइल शाह (45), अनूप बरखने (50), शकील अहमद (52), दौलत प्रसाद (44), अभय प्रजापति (10), महेंद्र साहू (53), सिमरन मौर्य (26), बृजेश सिंह (30), अतीक अहमद (14) और सोनू (23) शामिल हैं।

सियार ने सबसे गंभीर हमला कौशल्या बाई पर किया, जिनके चेहरे पर गहरे घाव आए हैं। अधिकांश मरीजों के कमर और पैर में सियार ने काटा है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सियार की तलाश शुरू कर दी। स्थानीय लोगों से रात में सतर्क रहने और अकेले बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है।

Next Post

ट्विशा केस में दोनों आरोपियों गिरिबाला और समर्थ को राहत नहीं, कोर्ट ने 11 अगस्त तक बढ़ाई न्यायिक हिरासत

Tue Jul 28 , 2026
भोपाल। चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में मंगलवार को सीबीआई कोर्ट ने दोनों आरोपियों गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह की न्यायिक हिरासत 11 अगस्त तक बढ़ा दी। दोनों आरोपियों की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई। सुनवाई के दौरान ट्विशा के पिता और भाई भी अदालत में मौजूद रहे […]

You May Like