इंदौर:चंदननगर थाना क्षेत्र के नंदननगर में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि पति ने गाली गलौज करने के बाद पत्नी को थप्पड़ों से पीटा और थाने जाने पर जान से मारने की धमकी दी.फरियादी आरती सोनवाने उम्र 25 साल निवासी नंदननगर ने पुलिस को की शिकायत में बताया कि कल रात करीब 8.30 बजे उसका पति अभिनाश सोनवाने काम से घर लौटा था.
घर पहुंचते ही छोटी छोटी घरेलू बातों को लेकर विवाद शुरू हो गया. इसी दौरान आरोपी ने फरियादी के साथ अश्लील गालियां दीं. आरोप है कि गाली देने से मना करने पर आरोपी ने हाथों से थप्पड़ मारकर मारपीट की, जिससे महिला के होंठ और चेहरे पर चोटें आईं. मारपीट के बाद आरोपी ने धमकी दी कि अगर वह थाने जाकर शिकायत करेगी तो जान से खत्म कर देगा. पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
