पेशावर, 15 अक्टूबर (वार्ता) पाकिस्तान के पेशावर शहर में गुरुवार को एक निजी विद्यालय की छत ढह जाने से कम से कम 20 बच्चों और एक महिला शिक्षिका की मौत हो गई और करीब 40 लोगों के घायल होने की सूचना है।
पाकिस्तान की सरकारी आपातकालीन सेवा रेस्क्यू 1122 के अनुसार, यह हादसा दीर कॉलोनी के कॉलेज रोड स्थित एक निजी स्कूल में हुआ, जिसके तुरंत बाद व्यापक राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, लेडी रीडिंग अस्पताल (एलआरएच) के प्रवक्ता मोहम्मद आसिम ने बताया कि 17 बच्चों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था, जबकि एक महिला शिक्षिका ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि मृत सभी बच्चों की उम्र 13 वर्ष या उससे कम है।
अस्पताल में आपातकाल घोषित कर दिया गया है और डॉक्टरों की टीम घायलों का इलाज कर रही है, जिनमें से कुछ की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

