
उज्जैन। मौसम अब पूरी तरह से सूरज के तेवर से प्रभावित होता दिखाई दे रहा है। तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है। गर्म हवा चलने से दिन में सडक़ों पर चला मुश्किल होने लगा है। मौसम विभाग ने लू चलने का अलर्ट जारी किया है। प्रमुख चौराहों पर अब सन्नाटा पसरा मिल रहा है। वहीं बहुत जरूरी काम वाले ही सडक़ों पर निकल रहे हैं। क्योंकि तपा देने वाली गर्मी अब बर्दाश्त से बाहर हो रही है।
अप्रैल माह के प्रथम सप्ताह में बारिश, ओलावृष्टि से लग रहा था कि इस बार गर्मी का प्रभाव कम रहेगा। लेकिन माह के 15 दिन गुजर जाने के बाद सूरज के तेवर काफी कडक़ हो चुके हंै। गर्मी अपना असर दिखा रही है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले बुधवार-गुरुवार रात न्यूनतम तापमान में डेढ़ डिग्री की तेजी आई और 22.5 डिग्री दर्ज हुआ। दिन-रात के बढ़ते तापमान के बीच हवा की रफ्तार 6 से 8 किलोमीटर प्रतिघंटे की हो गई है। जो काफी गर्म महसूस हो रही है। मौसम विभाग की माने तो एक-दो दिन में तापमान 42 डिग्री के करीब पहुंच सकता है और लू चलने का खतरा बढ़ सकता है। मई माह के प्रथम सप्ताह में झुलसा देने वाली गर्मी पड़ सकती है। वैसे तापमान में तेजी को देखते हुए इस बार मानसून की दस्तक के आसार भी जल्द दिखाई दे रहे हैं। संभावना है कि मई माह के अंत या जून के प्रथम सप्ताह में मानसून की दस्तक हो सकती है।
गर्मी से बचने के होने लगे जतन
तापमान के बढ़ते ही गर्मी से बचने के जतन लोगों ने शुरू कर दिये है। जहां घरों प्रतिष्ठानों में एसी,कूलर का सहारा लिया जा रहा है, वहीं घरों से बाहर निकलने वाली महिला धूप से बचने के लिये छातों और नकाब का सहारा ले रही है। युवा चेहरे पर गमछा, सिर पर टोपी और आंखों पर चश्मा लगा रहे है। तपती गर्मी में लोगों ने सार्वजनिक स्थानों पर ठंडे पानी के मटके और नान रख दिये है। दोपहर में अब सडक़ों पर आवागमन कम होने लगा है। पॉश कालोनियों में सन्नाटा दिखाई दे रहा है।
