इंदौर: किशनगंज थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के दो मामलों में अज्ञात लोगों ने दो व्यक्तियों के बैंक खातों से यूपीआई के जरिए 1 लाख 34 हजार 996 रुपए निकाल लिए. दोनों मामलों में फरियादियों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.पहले मामले में विश्वास नगर बंजारी निवासी दिलीप कुमार द्विवेदी के खाते से 54 हजार 999 रुपए निकाल लिए.
उन्होंने पुलिस को बताया कि 15 से 20 अक्टूबर के बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने बिना अनुमति यूपीआई के माध्यम से रकम ट्रांसफर की. वहीं, दूसरे मामले में भाटखेड़ी की कॉसमॉस कॉलोनी में रहने वाले राधेश्याम ठाकुर के खाते से अलग अलग यूपीआई आईडी के जरिए 79 हजार 997 रुपए निकाल लिए, यह ट्रांजेक्शन 13 अक्टूबर को हुआ था. पुलिस दोनों मामलों में ट्रांजेक्शन की जानकारी जुटाकर संबंधित खातों की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
