एवियां (फ्रांस), 16 जून (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को लेबनान में हिजबुल्लाह के खिलाफ इजरायल की सैन्य कार्रवाई की गति पर असंतोष जताते हुए कहा कि यह अभियान कहीं अधिक तेजी से पूरा किया जाना चाहिए था।
श्री ट्रंप ने यह टिप्पणी फ्रांस के एवियां शहर में कतर के अमीर शेख तमीम बिन हम्माद अल सानी के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान की। यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका और ईरान के बीच हाल में हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) को लेकर क्षेत्रीय राजनीति में नयी हलचल देखी जा रही है।
श्री ट्रंप और उप राष्ट्रपति जे डी वेंस ने रविवार को समझौते पर डिजिटल हस्ताक्षर किये थे, जबकि ईरान की ओर से संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकर गालिबाफ ने दस्तखत किये।
जी-7 शिखर सम्मेलन के लिए अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, कनाडा, इटली और जापान के नेता एवियां में एकत्र हुए हैं। यूरोपीय संघ और यूक्रेन के प्रतिनिधियों को भी बैठक में आमंत्रित किया गया है।
श्री ट्रंप ने कतर के अमीर के साथ बातचीत के दौरान कहा, “मैं लेबनान और हिजबुल्लाह के मामले में इजरायल के रवैये से खुश नहीं हूं। उन्हें यह काम कहीं तेजी से पूरा कर लेना चाहिये था।”
उन्होंने कहा, “यह मामला लगातार लंबा खिंचता जा रहा है और जब ऐसा होता है तो इसका असर उस बड़े समझौते पर पड़ता है, जो ईरान के साथ हुआ है।”
श्री ट्रंप ने यूक्रेन युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिका संघर्ष समाप्त कराने के लिए अपने प्रयास और तेज करेगा। उन्होंने कहा, “मैं जो कुछ कर सकता हूं, करूंगा।” श्री ट्रंप ने संकेत दिया कि ईरान के साथ समझौते के बाद अब यूक्रेन संकट पर अमेरिका अधिक ध्यान देगा।
जी-7 सम्मेलन के दौरान विश्व नेताओं के बीच ईरान-अमेरिका समझौते पर भी चर्चा जारी रही। श्री ट्रंप की फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की पहल पर तीन अरब देशों के नेताओं से भी मुलाकात होने वाली है।
श्री ट्रंप ने कहा कि वह मंगलवार को यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से भी मुलाकात करेंगे और रूस से युद्ध समाप्त करने के लिए समझौता करने का आग्रह किया। श्री ट्रंप ने सीएनएन के अनुसार कहा, “ रूस को समझौता कर लेना चाहिए। रूस ने भारी संख्या में लोगों को खोया है और यूक्रेन ने भी।”
उन्होंने कहा कि अब जबकि ईरान के साथ समझौता हो चुका है, वह रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्त कराने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। श्री ट्रंप और अन्य जी-7 नेताओं ने शिखर सम्मेलन के एक सत्र में श्री जेलेंस्की के साथ संयुक्त बैठक भी की।
