भोपाल। राजधानी की गृह निर्माण समितियों में लंबे समय से चला आ रहा प्रशासक राज अब खत्म होने की तैयारी है. जिले की 581 गृह निर्माण समितियों में से 180 में फिलहाल प्रशासक नियुक्त हैं. अब इन समितियों में चुनाव कराकर निर्वाचित संचालक मंडल गठित किए जाएंगे. शुरुआती चरण में 65 समितियों में चुनाव कराने की तैयारी है. इनमें गायत्री, रोहित नगर, अमलताश, एसबीआई स्टाफ, स्वजन, सर्वोदय और नवीन नवयुवक गृह निर्माण समिति सहित अन्य संस्थाएं शामिल हैं.
गृह निर्माण समितियों में भू-माफिया और पुराने संचालक मंडलों की कथित मिलीभगत के चलते लंबे समय से विवाद बने हुए हैं. कहीं संस्थापक सदस्यों को उनके हक के प्लाट नहीं मिले तो कहीं समितियों की करोड़ों रुपये की जमीन बिल्डरों को सौंपने के आरोप लगे. जमीनों के अवैध आवंटन, फर्जी रजिस्ट्रियों और आर्थिक अनियमितताओं के मामलों में कई समितियों के पदाधिकारियों के खिलाफ एफआईआर तक दर्ज हो चुकी हैं. सहकारिता विभाग को पिछले डेढ़ साल में करीब 700 शिकायतें मिली हैं.
प्रशासक नियुक्त होने के बाद भी समितियों की समस्याएं पूरी तरह दूर नहीं हो सकीं. कई कॉलोनियों में पानी, बिजली, सीवेज, सड़क, पार्क और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाएं बदहाल हैं. समिति के फंड का हिसाब-किताब, किराएदारों का रिकॉर्ड, सीसीटीवी और अग्निशमन व्यवस्था की निगरानी भी प्रभावित हुई है. मुख्य द्वार और कॉलोनियों के अंदर अतिक्रमण बढ़ने के साथ विकास कार्यों से जुड़े फैसलों में देरी हो रही है.
चुनाव के बाद निर्वाचित संचालक मंडल बनने से रहवासियों को कॉलोनी के विकास और व्यवस्थाओं से जुड़े फैसलों में भागीदारी का मौका मिलेगा. समिति की आय-व्यय व्यवस्था और जरूरी सुविधाओं को लेकर भी जवाबदेही तय हो सकेगी. हालांकि, चुनाव के साथ समितियों की जमीनों के रिकॉर्ड का सत्यापन, वित्तीय ऑडिट और पुराने घोटालों की जांच भी जरूरी होगी.
जमीनों की हेराफेरी में कई समितियां विवादों में
गौरव, मंदाकिनी और महाकाली गृह निर्माण समितियों में संस्थापक सदस्यों को प्लाट देने के बजाय नए सदस्य जोड़कर अवैध रजिस्ट्रियां कराने के आरोप लगे हैं. गुलाबी और हेमा गृह निर्माण संस्थाओं में अनियमितताओं को लेकर शाहपुरा थाने में एफआईआर दर्ज है. तिलक गृह निर्माण संस्था की 93.43 एकड़ जमीन के स्वामित्व अधिकार बिल्डर को देकर जमीन बेचने के मामले में कोहेफिजा थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है.
इसके अलावा 126 भूखंडों के अवैध आवंटन और पंजीयन के जरिए करीब 18 करोड़ रुपये के गबन के आरोप में संचालक मंडल के 22 सदस्यों के खिलाफ आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) में जांच चल रही है. आकांक्षा गृह निर्माण संस्था की 5.5 एकड़ जमीन पर अवैध कब्जे के मामले में भी कोलार थाने में प्रकरण दर्ज है.
जिला पंजीयक सहकारिता छविकांत वाघमारे के मुताबिक, जिले की 180 गृह निर्माण समितियों का कामकाज फिलहाल प्रशासक संभाल रहे हैं. निर्वाचन अधिकारी नियुक्त होते ही इन समितियों में चुनाव की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी.
