इंदौर: शहर में अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने शुक्रवार रात ऑपरेशन मिडनाइट चलाया. शहर के चारों जोन में देर रात तक चली सघन चेकिंग और पेट्रोलिंग के दौरान 1257 बदमाशों और संदिग्धों को चेक किया गया, जबकि 557 पर वैधानिक कार्रवाई की गई. पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले 198 चालकों पर कार्रवाई की, वहीं चार आरोपियों को चाकू के साथ पकड़ा.
अभियान के दौरान अलग अलग मामलों में 267 से अधिक वारंट तामील कराए गए. इनमें एक फरारी, 83 स्थायी, 75 गिरफ्तारी और 108 जमानती वारंट शामिल हैं. इसके अलावा 112 समंस भी तामील कराए. सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ 19 प्रकरण दर्ज किए, जबकि मादक पदार्थों का सेवन करने वालों के खिलाफ दो मामले दर्ज किए. अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई में एमआईजी, कनाड़िया, लसूड़िया और खजराना थाना क्षेत्रों से एक एक चाकू के साथ चार आरोपियों को पकड़ा. आदतन अपराधियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए 67 बदमाशों पर कार्रवाई की गई.
पुलिस ने हॉटस्पॉट और शैडो क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी की. इस दौरान 700 से अधिक बदमाशों की चेकिंग की गई, जिनमें 256 गुंडे, 92 नकबजन, 44 लुटेरे, 112 चाकूबाज, 136 निगरानीशुदा बदमाश, 53 जिलाबदर और रासुका के बदमाश तथा सात ड्रग्स पैडलर शामिल थे. सक्रिय और आदतन अपराधियों को थानों बुलाकर डोजियर भरवाए गए और भविष्य में अपराध नहीं करने की हिदायत दी गई. अभियान में कुछ फरार अपराधियों को भी पकड़ा. पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्रों में भ्रमण के दौरान लोगों से संवाद कर साइबर अपराध, महिला अपराध, नशे और सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूक भी किया. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
