
बाड़ी। जिले के बाड़ी स्थित प्रसिद्ध हिंगलाज माता मंदिर में देर रात चोरी की वारदात से सनसनी फैल गई। अज्ञात चोर मंदिर से चांदी का छत्र और दानपेटी ले गए। मंदिर परिसर में रखी दानपेटी को काटकर उसमें रखी नगदी पर भी हाथ साफ कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही बाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही बरेली एसडीओपी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मंदिर परिसर को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
मौके पर डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। मंदिर के पुजारियों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
मंदिर परिसर में पान प्रसाद की दुकानों में चोरी की घटनाएं हो चुकी लेकिन इस तरह मुख्य मंदिर में घटना को लेकर आक्रोश है। उनका कहना है कि मंदिर में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, जिससे चोरों ने आसानी से वारदात को अंजाम दिया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।
