ब्लैकमेलिंग से परेशान युवक की आत्महत्या मामले में नया मोड़, पीड़ित परिवार ने एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार

छतरपुर। राजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम पिपट में युवक देवीदीन कुशवाहा की आत्महत्या के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। सोमवार को पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आवेदन सौंपा तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा की मांग की।

पीड़ित ब्रजकिशोर कुशवाहा ने आवेदन में बताया कि उसके बड़े भाई देवीदीन कुशवाहा को कुछ लोगों द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि उन्हें छेड़छाड़ के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर मानसिक रूप से परेशान किया गया, जिससे तंग आकर देवीदीन ने 12 मई 2026 को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपनी पीड़ा भी साझा की थी।

परिजनों के अनुसार घटना के बाद दर्ज मामले में नामजद आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसी बीच 7 जून की शाम ब्रजकिशोर जब अपने खेत पर था, तब तीन-चार अज्ञात लोग वहां पहुंचे और कथित तौर पर केस में राजीनामा करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।

लगातार मिल रही धमकियों से डरे हुए परिवार ने एसपी कार्यालय में आवेदन देकर सुरक्षा उपलब्ध कराने, धमकी देने वालों की पहचान कर कार्रवाई करने तथा आत्महत्या के लिए जिम्मेदार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। ग्रामीणों ने भी मामले में निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई है।

परिवार का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो उनके साथ कोई भी अप्रिय घटना घट सकती है। मामले को लेकर अब पुलिस प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Next Post

सामने प्रदर्शन का बैनर लगाकर भैंस के आगे बजाई बीन

Mon Jun 8 , 2026
गुना। नियमितीकरण सहित 8 सूत्रीय मांगों को लेकर 2 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने गुना में सोमवार को अनोखा विरोध-प्रदर्शन किया। बार-बार ज्ञापन और निवेदन करने के बावजूद सुनवाई नहीं होने पर स्वास्थ्य कर्मचारियों ने सांकेतिक रूप से भैंस के सामने बीन बजाकर यह बताने […]

You May Like