सीसीटीवी से पकड़ाए चोर दंपत्ति, 23.50 लाख का माल बरामद

इंदौर: लसूड़िया क्षेत्र में घर और बैंक को निशाना बनाकर की गई दो अलग-अलग वारदातों का पुलिस ने खुलासा कर दिया. मामले में पति-पत्नी की जोड़ी को गिरफ्तार किया है. आरोपियों से नकदी, सोने की चेन, चोरी की कार और वारदात में इस्तेमाल औजार मिलाकर 23 लाख 50 हजार रुपए का माल बरामद हुआ है. दोनों महंगे शौक पूरे करने के लिए लगातार वारदातें कर रहे थे.

डीसीपी जोन 2 कुमार प्रतीक के मार्गदर्शन में एसीपी विजय नगर राजकुमार सराफ और टीआई लसूड़िया तारेश सोनी की टीम ने आरोपियों को पकड़ा. वारदात के बाद टीम ने लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगाले और कुछ ही घंटों में संदिग्ध युवक तक पहुंच गई. फरियादी बाबूलाल शर्मा ने 28 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 नवंबर को स्कीम नंबर 94 स्थित उनके घर में अलमारी तोड़कर 21 लाख रुपए और सोने की चेन चोरी कर ली गई.

सीसीटीवी में एक युवक पीछे की खिड़की से घर में घुसकर पहली मंजिल से बैग में नकदी भरकर भागता दिखा. इसी तरह 22 नवंबर की रात स्कीम नं. 94 स्थित आईसीआईसीआई बैंक शाखा में भी शटर का ताला टूटा मिला. गार्ड की सूचना पर स्टाफ पहुंचा तो अंदर की सभी अलमारियां खुली थीं, लेकिन चोरी नहीं हुई थी. बैंक प्रबंधन ने तत्काल शिकायत दर्ज कराई.

सीसीटीवी से मिले सुराग, आरोपी की पत्नी भी शामिल
पुलिस ने दोनों घटनाओं के फुटेज के आधार पर आरोपी 21 वर्षीय अरुण भील निवासी बोरगांव बुजुर्ग, हाल-रामनगर इंदौर को पकड़ा. पूछताछ में उसने घर से 21 लाख रुपए और सोने की चेन चोरी करने, दो महीने पहले उसी घर के बाहर से रेनॉल्ट डस्टर कार चुराने और पत्नी नंदनी के साथ मिलकर आईसीआईसीआई बैंक में ताला काटकर चोरी की योजना बनाने की बात स्वीकार की.

बैंक ताला काटने में उसकी पत्नी सक्रिय रूप से शामिल थी, इसलिए उसे भी गिरफ्तार कर लिया. नकदी 19 लाख रुपए, सोने की चेन. चोरी की रेनॉल्ट डस्टर कार,एक चाकू, लोहे के कटर के साथ ही कुल 23 लाख 50 हजार का माल जब्त किया है. आरोपियों के खिलाफ लसूड़िया थाना क्षेत्र में पूर्व से भी कई प्रकरण दर्ज हैं. पुलिस ने दोनों को रिमांड पर लेकर वारदातों के अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है.

Next Post

सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले आरोपी को जेल भेजा

Thu Dec 4 , 2025
सागर। सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक व अशोभनीय टिप्पणी कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले आरोपी के विरुद्ध त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदक बाबूलाल पिता छोटे लाल निवासी ग्राम मड़िया बुजुर्ग […]

You May Like