भोपाल। प्रदेश में लगातार हो रही अतिवृष्टि और नदियों-जलाशयों के बढ़ते जलस्तर के बीच राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल (एसडीईआरएफ) की टीमें लगातार अलर्ट मोड पर हैं। बुधवार को विभिन्न जिलों में जलभराव और तेज बहाव में लोगों तथा पशुओं के फंसे होने की सूचनाओं पर एसडीईआरएफ ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाए।
गुना जिले के कैंट थाना क्षेत्र स्थित गोविंद गार्डन में भारी जलभराव के कारण एक मकान में दो महिलाएं फंस गई थीं। जिला मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर दूर घटनास्थल पर पहुंची एसडीईआरएफ टीम ने दोनों महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
भोपाल के कजलीखेड़ा थाना क्षेत्र में नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से सात लोग तेज बहाव के बीच फंस गए। एसडीईआरएफ टीम ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से साहसिक अभियान चलाकर सभी सात लोगों को सकुशल बाहर निकाला।
इसी तरह सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र के पकरीहा गांव में बाणसागर नहर के गेट के समीप फंसी गाय को भी ग्रामीणों की सहायता से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
एसडीईआरएफ नियंत्रण कक्ष ने नागरिकों से उफनते नालों, नदियों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
