नयी दिल्ली, (वार्ता) दिल्ली प्रीमियर लीग सीजन 2 के लिए मेन्स मेगा ऑक्शन का पहला दिन बेहद रोमांचक रहा, जहां कई बड़े नामों की एंट्री हुई, अनुभवी रणजी प्लेयर्स शामिल हुए और उभरते हुए युवा टैलेंट्स पर टीमों ने खुलकर दांव लगाए। इस जबरदस्त ऑक्शन में जो टीम सबसे रणनीतिक और संतुलित नजर आई, वह थी साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज, जिन्होंने बेहद सोच-समझकर एक मजबूत स्क्वॉड खड़ा किया है। अब सबकी निगाहें सीजन 2 की धमाकेदार शुरुआत पर टिकी हैं।
पिछले सीजन की रनर-अप टीम रही सुपरस्टार्ज इस बार ऑक्शन में पूरी रणनीति और स्पष्ट इरादे के साथ उतरी। उनका पहला बड़ा कदम था आयुष बदौनी को बरकरार रखना। आयुष पिछले सीजन के वही दमदार कप्तान हैं, जिन्होंने टीम को फाइनल तक पहुंचाया था। चूंकि, ऑक्शन से पहले हर टीम को सिर्फ एक प्लेयर को बरकरार रखने की इजाजत थी, ऐसे में सुपरस्टार्ज ने बड़ी ही सूझबूझ से अपने पिछले सीजन के कोर प्लेयर्स को दोबारा खरीद लिया।
इस बार सुपरस्टार्ज के लिए खेलने वाले वो प्लेयर्स, जो पिछली बार भी टीम का हिस्सा थे, उनके नाम हैं:
आयुष बदौनी : टीम के कप्तान, ऑक्शन से पहले बरकरार रखे गए।
दिग्वेश राठी: पिछले सीजन में टीम के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज, इस बार भी मार्की प्लेयर के तौर पर खरीदे गए।
तेजस्वी दहिया: ताकतवर विकेटकीपर-बल्लेबाज, जिन्होंने पिछले सीजन में 200 से ज्यादा रन बनाए थे; टीम ने उन्हें इकलौते राइट टू मैच कार्ड का इस्तेमाल करके वापस लिया।
कुंवर भिदुरी: 29 साल के अनुभवी बल्लेबाज, जो पिछली बार भी सुपरस्टार्ज का हिस्सा थे।
सुमित माथुर: ऐसे ऑलराउंडर, जो हर मैच में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा रहे और हमेशा भरोसेमंद साबित हुए।
सार्थक रे: 18 साल के युवा बल्लेबाज, जिन्होंने पिछले साल डीपीएल टी20 में 9 मैच खेले।
विजन पांचाल: अनुभवी ऑलराउंडर, जो पिछली बार भी टीम में शामिल थे।
इस बार के फॉर्मेट के अनुसार प्रत्येक फ्रेंचाइजी को कम से कम 20 प्लेयर्स की टीम बनानी थी और इस बार लीग में दो नई मजबूत टीमें भी जुड़ गईं, जिससे मुकाबला पहले से कहीं ज्यादा कड़ा हो गया। फिर भी साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज की टीम मैनेजमेंट ने पूरे दिन शांति और समझदारी के साथ फैसले लिए और ऑक्शन को बखूबी संभाला।
टीम के कप्तान आयुष बदौनी ने कहा , ”हमने पिछले सीजन में बेखौफ क्रिकेट खेला था और इस बार भी उसी जोश और आत्मविश्वास के साथ खेलने की कोशिश करेंगे। इस बार हमारा लक्ष्य है कि ट्रॉफी सुपरस्टार्ज कैंप में ही आए। ऑक्शन का हिस्सा बनना एक अलग ही अनुभव है, यहां कई रणनीतियों पर काम होता है, बिडिंग का अपना रोमांच होता है और इसके नतीजे और संभावनाएं बहुत कुछ सिखाते हैं।”
टीम में कुछ नए चेहरे भी शामिल किए गए हैं:
हिमांशु चौहान : 22 वर्षीय तेज गेंदबाज, जिन्होंने पिछले सीजन में 9 मैच खेले थे और अपने प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा।
अनमोल शर्मा: राइट हैंड बल्लेबाज, जिन्हें इस मेगा ऑक्शन में एक शानदार कीमत पर टीम ने अपने साथ जोड़ा।
सुमित कुमार: 26 वर्षीय ऑलराउंडर, जो इस बार अपना पहला सीजन खेलने जा रहे हैं।
अमन भारती : युवा लेफ्ट-आर्म पेसर, जो पिछले सीजन का अनुभव भी साथ लेकर आए हैं।
रोहन राणा: 23 साल के ऑलराउंडर, जो दिल्ली क्रिकेट सर्किट में अपनी पहचान बना चुके हैं।
ये नाम उस टीम की रीढ़ हैं, जो बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग, तीनों ही डिपार्टमेंट्स में मुकाबले की पूरी तैयारी के साथ उतरेगी। युवा जोश, घरेलू अनुभव और मजबूत नेतृत्व के बेहतरीन मेल के साथ, टीम इस बार एक कदम आगे बढ़ने के पूरे मूड में नज़र आ रही है।
टीम के हेड कोच सरनदीप सिंह ने कहा, ”हम काफी उत्साहित हैं, क्योंकि सीजन 2 की शानदार शुरुआत हो चुकी है। हमने उम्मीद के मुताबिक दिग्वेश राठी को टीम में लिया, क्योंकि वे पिछले साल भी हमारे साथ थे और उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था, इतना शानदार कि बाद में उनका आईपीएल डेब्यू भी हुआ। हम अपनी पुरानी कोर टीम को वापस पाना चाहते थे, इसलिए हमने दिग्वेश और आयुष के साथ पिछली टीम के प्लेयर्स को फिर से चुना।”
आयुष बदौनी की कप्तानी में और एक नए जोश से भरे स्क्वॉड के साथ, साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज इस बार सिर्फ खेलने नहीं, बल्कि ट्रॉफी जीतने के इरादे से मैदान में उतर रही है। लीग शुरू होने की उल्टी गिनती अब तेज हो चुकी है, और सुपरस्टार्ज ने एक बात तो साफ कर दी है कि इस बार वो सिर्फ हिस्सा लेने नहीं आए हैं.. इस बार वो जीतने आए हैं।
