भोपाल। चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में मंगलवार को सीबीआई कोर्ट ने दोनों आरोपियों गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह की न्यायिक हिरासत 11 अगस्त तक बढ़ा दी। दोनों आरोपियों की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई। सुनवाई के दौरान ट्विशा के पिता और भाई भी अदालत में मौजूद रहे और पूरी कार्यवाही देखी।
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने वॉइस सैंपल को लेकर आपत्ति जताई। उनका कहना था कि आरोपियों ने वॉइस सैंपल देने से इनकार नहीं किया, बल्कि सैंपल लेने की प्रक्रिया और जांच अधिकारियों के व्यवहार पर सवाल उठाए। इस पर अदालत ने मौखिक रूप से कहा कि यह मुद्दा पहले जमानत सुनवाई के दौरान भी उठाया जा चुका है, इसलिए वर्तमान रिमांड सुनवाई में इस पर विचार करने का कोई औचित्य नहीं है।
बचाव पक्ष ने न्यायिक हिरासत बढ़ाने का भी विरोध करते हुए सीबीआई से जांच की प्रगति और गवाहों की संख्या की जानकारी मांगी। हालांकि, सीबीआई ने अदालत को बताया कि जांच अभी जारी है और इस स्तर पर गवाहों या जांच से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक करने से जांच प्रभावित हो सकती है। एजेंसी ने इस संबंध में कोई विवरण देने से इनकार कर दिया।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने सीबीआई की मांग स्वीकार करते हुए दोनों आरोपियों की न्यायिक हिरासत 11 अगस्त तक बढ़ा दी। बता दें कि 12 मई 2026 को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में ट्विशा शर्मा मृत मिली थीं। पहले इस मामले की जांच स्थानीय स्तर पर हुई, लेकिन बाद में दिल्ली एम्स की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच सीबीआई को सौंप दी गई, जो अब मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
