जबलपुर: मदनमहल चौराहे में बुधवार रात्रि अधिवक्ताओं और पुलिस स्टॉफ के बीच कहासुनी मामले में तीन एफआईआर दर्ज कर ली गई हैं।जानकारी के मुताबिक महनहल चौराहे में बेकरी दुकान संचालक प्रियांशु और सब्जी का ठेला लगाने वाले संजू के बीच में विवाद हो रहा था। दोनों मारपीट कर रहे थे। इसी दौरान वहां से अधिवक्ता दीपक पटैल और अमित कोहली गुजर रहे थे जो रूक गए थे और बीच बचाव करने लगे, तभी सूचना पर पुलिस पहुंच गई थी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच मारपीट हुई। मामले को लेकर देर रात तक थाने में अधिवक्ताओं का हंगामा चलता रहा।
इनके खिलाफ हुई तीन एफआईआर-
देर रात मामले में तीन एफआईआर दर्ज की गई। अधिवक्ता अमित कोहली निवासी शक्ति नगर की रिपोर्ट पर आरक्षक सोमनाथ, बेकरी संचालक प्रियांशु को आरोपी बनाया गया है। वहीं आरक्षक सोमनाथ कौरव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि अधिवक्ता दीपक और अमित ने उसके साथ एवं प्रधान आरक्षक नवीन झरिया के साथ मारपीट की, धमकी दी, कॉलर भी पड़ी। तीसरी एफआईआर बेकरी संचालक प्रियांशु ने अमित और दीपक एवं संजू के खिलाफ दर्ज कराई है ।
