
सिवनी। जिले के बरघाट थाना क्षेत्र में कौड़िया घीसी बेहड़ई सड़क मार्ग पर बालाघाट से सिवनी की ओर आ रहे टायर से भरे ट्रक में आग लग गई। घटना रात करीब 1:30 बजे बकरा नाला के पास हुई।
ट्रक की पहचान एम एच 40 सी एम 0883 के रूप में हुई है। आग लगने की सूचना मिलते ही बरघाट थाना प्रभारी मोहनीश बैस पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक ट्रक पूरी तरह जल चुका था। घटना के समय ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटनास्थल जंगल से लगे ढाबों के पास है, जहां वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। पुलिस ने कुछ समय के लिए आवाजाही को रोक दिया था। थाना प्रभारी के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
