
मुरैना। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी आज जौरा विधायक पंकज उपाध्याय द्वारा कैलारस सहकारी शक्कर कारखाने के पुनर्जीवन एवं पुनः संचालन की मांग को लेकर 15 अगस्त से जारी आमरण अनशन में शामिल हुए और उनके संघर्ष को अपना समर्थन दिया।
शक्कर कारखाने के पुनर्जीवन एवं पुनः संचालन की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे विधायक पंकज उपाध्याय का कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मोबाइल फोन पर हाल जाना और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। बातचीत के दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से किसानों के आंदोलन में शामिल होने के लिए आग्रह किया। इसी दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी मोबाइल फोन पर चर्चा कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
अखिलेश यादव ने कहा कि यह सरकार किसान विरोधी है। अमेरिका के साथ किसानों के हितों के खिलाफ ट्रेड डील की गई है। उन्होंने कहा कि शुगर मिलों के बंद होने के कारण चीनी का उत्पादन प्रभावित हो रहा है और चीनी के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों के इस आंदोलन के साथ खड़ी है और विधायक उपाध्याय के संघर्ष का पूरा समर्थन करती है।
जीतू पटवारी ने कहा कि विधायक पंकज उपाध्याय पिछले सात दिनों से लगातार आमरण अनशन पर बैठे हैं और किसान के बेटों के पेट की लड़ाई लड़ रहे हैं। जिन किसान परिवारों को इस शुगर मिल के संचालन से लाभ मिलता था, आज मिल बंद होने के कारण वही किसान पीड़ित हैं। पंकज उपाध्याय विधायक बनने के बाद से लगातार इस मुद्दे को विधानसभा में उठाते रहे हैं और क्षेत्र में भी कई बार आंदोलन कर चुके हैं। पटवारी ने कहा कि पंकज उपाध्याय का यह आमरण अनशन इस बात का संदेश है कि जोरा का एक जनप्रतिनिधि अपनी जनता के लिए किस प्रकार समर्पित होकर संघर्ष कर रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी इस लड़ाई में पंकज उपाध्याय के साथ पूरी तरह खड़े हैं। कांग्रेस पार्टी, कांग्रेस के सभी विधायक और मध्य प्रदेश के किसान इस संघर्ष में एकजुट हैं। हमारा स्पष्ट लक्ष्य है कि बंद पड़ी शुगर मिल को पुनः चालू कराया जाए और सोई हुई सरकार को जगाया जाए।
उन्होंने कहा कि संघर्ष समिति द्वारा 22 अगस्त को मुरैना जिला बंद का आह्वान किया गया है। यह लड़ाई केवल मुरैना, कैलारस या जोरा की नहीं है, बल्कि पूरे चंबल क्षेत्र की लड़ाई है। चंबल के अनगिनत किसान इस शुगर मिल में अपना गन्ना लेकर आते थे और मिल बंद होने के कारण आज सीधे तौर पर प्रभावित और प्रताड़ित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगामी समय में राहुल गांधी भी इस संघर्ष में शामिल होने के लिए यहां पहुंचेंगे।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव, विधायकगण दिनेश गुर्जर, देवेंद्र सखवार, साहब सिंह गुर्जर, सुरेश राजे, केशव देसाई, घनश्याम सिंह, ऋषि अग्रवाल, महेश परमार, पूर्व विधायक मेवाराम जाटव, सत्यपाल सिंह सिकरवार, राहुल भदौरिया, राहुल शर्मा, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता राम पांडे सहित जिला अध्यक्षगण मधुराज तोमर, गजेंद्र जाटव एवं अन्य सभी जिला अध्यक्ष उपस्थित रहे।
