
रीवा, जिले में बीते दिवस हुई मूसलाधार बारिश के चलते रीवा नगर निगम क्षेत्र के कई निचले और प्रमुख मोहल्लों में बाढ़ जैसे हालात निर्मित हो गए. बारिश का पानी रिहायशी इलाकों में पहुंचने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है. हालांकि बारिश थमने के बाद अब जलस्तर में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मुस्तैद हैं. प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है.
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने सुबह होते ही स्वयं जलमग्न क्षेत्रों में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने बाढ़ प्रभावित मोहल्लों का दौरा किया और पीडि़त परिवारों के घरों तक पहुंचकर जलभराव से हुए नुकसान का प्रत्यक्ष अवलोकन किया. प्रभावितों से संवाद करते हुए उप मुख्यमंत्री ने उन्हें ढाढ़स बंधाया और कहा कि शासन और प्रशासन पूरी तरह से आपके साथ खड़ा है. आम जनता की हर कठिनाई को दूर किया जाएगा. प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराना हमारी पहली प्राथमिकता है. उप मुख्यमंत्री ने विभिन्न राहत शिविरों का निरीक्षण कर वहां ठहराए गए प्रभावित लोगों से बातचीत की और व्यवस्थाओं की जानकारी ली. उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जलभराव वाले मोहल्लों से अविलंब पानी निकासी सुनिश्चित की जाए. राहत शिविरों में भोजन, शुद्ध पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं का पर्याप्त प्रबंध रहे. बचाव और राहत कार्यों की गति तेज कर हर जरूरतमंद तक मदद पहुंचाई जाए. उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रशासन की टीमें हर आपात स्थिति से निपटने के लिए निरंतर निगरानी बनाए हुए हैं और फंसे हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है. उप मुख्यमंत्री ने आमजनों से अपील करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के लिए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित है. आम जन किसी भी आपात स्थिति में होने पर कंट्रोल रूम में सम्पर्क कर सकते हैं. कंट्रोल रूम का दूरभाष नम्बर 07662-255143 है, यह हर समय सक्रिय है. इसके अलावा नगर निगम क्षेत्र रीवा में भी कंट्रोल रूम सक्रिय है. नगर निगम का टोल फ्री नंबर 18008899711 है.
लक्ष्मणबाग गौशाला का किया निरीक्षण, गौवंशों की सुरक्षा के दिए निर्देश
गत दिवस हुई बारिश से लक्ष्मणबाग गौशाला में भी जल भराव हुआ, जिसके कारण गौवंशों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया. उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने लक्ष्मणबाग गौशाला का निरीक्षण किया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिसर में जलभराव वाले हिस्से में कोई भी गौवंश न रहे. संबंधित अधिकारी और गौशाला प्रबंधक सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट की गई गायों के लिए पर्याप्त भोजन और हरे चारे की व्यवस्था कराएं. बारिश के कारण किसी भी संक्रमण या बीमारी से बचाने के लिए गौवंशों के स्वास्थ्य परीक्षण और त्वरित उपचार के प्रबंध कराएं. उप मुख्यमंत्री ने गौवंशों को गुड़ खिलाया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया.
