
इंदौर. गुरुवार सुबह मांगलिया क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप पर खड़े टैंकर में अचानक आग लग गई. ड्राइवर ने सूझबूझ का परिचय देते हुए जलते टैंकर को तुरंत पंप से दूर कर दिया, जिससे आग फैलने से बच गई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था. घटना के बाद कुछ देर तक इलाके में दहशत का माहौल रहा.
फायर ब्रिगेड से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना गुरुवार सुबह करीब 10 बजे की है. अशोक लेलैंड शोरूम के सामने स्थित पेट्रोल पंप पर खाली हो चुके टैंकर के केबिन में अचानक आग लग गई. सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और करीब एक टैंकर पानी डालकर आग पर काबू पा लिया गया. टैंकर में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है. हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.
समय रहते आग पर काबू पाने से टल गया बड़ा हादसा
आग लगने के दौरान ऐहतियात के तौर पर पुलिस ने एक तरफ का रास्ता बंद कर दिया था, जबकि दूसरी ओर से वाहनों की आवाजाही जारी रखी गई. वहीं पेट्रोल पंप के कर्मचारियों को भी वहां से हटाकर तुरंत सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया था. समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया.
