
ग्वालियर/मुरैना/श्योपुर/दतिया। ग्वालियर चंबल अंचल में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। अंचल के कई जिलों में आज सुबह से देर रात तक जारी बारिश ने जनजीवन को अस्त व्यस्त कर दिया है। अंचल भर में कई जगह मकान गिरने, नदी में लोगों के डूबने और गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूटने की घटनाएं हुई हैं। मौसम विभाग ने ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अगले तीन दिन के लिए मौसम विभाग ने बड़ी भविष्यवाणी की है। इस दौरान चंबल अंचल में तेज बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। ऐसे में लोगों को सावधान रहने की अपील की गई है।
*दतिया में बारिश के दौरान मकान गिरा*
दतिया में जबरदस्त बारिश के बीच राती की गली में दुर्गाप्रसाद पुत्र सीताराम प्रजापति का मकान गिर गया। गनीमत रही कि घटना के समय कोई जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्गाप्रसाद गरीब परिवार से हैं और उनका मकान जर्जर हालत में था। मकान गिरने की घटना के बाद प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ के वितरण और पात्र हितग्राहियों के चयन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नगर पालिका से मामले की जांच कर पीड़ित परिवार को तत्काल आवास योजना का लाभ दिलाने तथा राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।
*ग्वालियर में तेज बारिश के दौरान कई सड़कें धंसी*
ग्वालियर में जबरदस्त बारिश के चलते एक बार फिर मुख्य मार्ग की सड़क धंस गई। बसंत बिहार और सिकंदर कंपू इमली नाका पर अचानक गहरा गड्ढा बन गया जिसमें एक ट्रैक्टर-ट्रॉली फंस गई। चालक ने किसी तरह कूदकर जान बचाई। दोनों तरफ से यातायात ठप हो गया। वार्ड 65 सिकंदर कंपू रोड, इमली नाका पर भी सड़क धसकने की घटना हुई। देखते ही देखते सड़क के बीचों-बीच बड़ा गड्ढा बन गया और वहां से गुजर रही ट्रैक्टर-ट्रॉली उसमें फंस गई। खतरा भांपकर चालक ने ट्रैक्टर से कूदकर अपनी जान बचाई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अब घर से निकलते समय भी डर लगने लगा है कि कहीं सड़क धंसने से कोई बड़ा हादसा न हो जाए। वाहन चालकों में भी नगर निगम की व्यवस्था को लेकर आक्रोश है।
*बीमार महिलाओं को ट्यूब के जरिए नदी पार कराई, टापू बने गांव का संपर्क टूटा*
शिवपुरी जिले के गोरा गांव में बीमार महिलाओं को इलाज के लिए सिंध नदी ट्यूब के सहारे पार कराई गई। भारती बाथम और बसंती बाथम को ग्रामीणों ने नदी के तेज बहाव के बीच ट्यूब पर बैठाकर दूसरी ओर पहुंचाया।
मामला कोलारस जनपद की टीलाकलां पंचायत के गोरा गांव का है। गांव में सिंध नदी पर पुलिया नहीं होने के कारण तेज बारिश के कारण आसपास के क्षेत्रों से संपर्क कट गया है। नदी का जलस्तर बढ़ने पर ग्रामीणों के पास नदी पार करने का कोई दूसरा विकल्प नहीं है। इससे बीमारों, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। सिंध नदी का जलस्तर बढ़ते ही गोरा गांव का संपर्क आसपास के क्षेत्रों से कट गया है। इससे गांव टापू जैसा बन गया है।
*मुरैना में तेज बारिश, बाजरा व मूंग की फसलों को राहत*
मुरैना में भी आज सुबह से तेज बारिश हो रही है। उमस के चलते बारिश का इंतजार कर रहे लोगों को इससे राहत मिली है। बारिश के चलते मौसम सुहाना हो गया है और गर्मी से राहत मिली है।
इस बार जिले में मानसून कमजोर रहा है। 1 जून से 24 अगस्त तक मुरैना में 358.3 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज की गई है। यह पिछले साल की समान अवधि की तुलना में काफी कम है। जिले में इस समय बाजरा, मूंग सहित सीजन की अन्य फसलें खेतों में हैं। बारिश से इन फसलों को नमी मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण किसान फसलों को लेकर चिंतित थे।
*कूनो नदी में डूबा युवक, दूसरे दिन भी गोताखोर कर रहे तलाश*
उधर श्योपुर के कराहल ब्लॉक में कूनो नदी में डूबने के बाद एक युवक लापता हो गया। सेसईपुरा गांव निवासी रामनिवास आदिवासी नदी पार कर रहा था। तेज बहाव के बीच वह गहरे पानी में चला गया। घटना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम युवक की तलाश में जुटी हुई है। बीती रात अंधेरा होने पर रेस्क्यू रोक दिया गया था। आज बुधवार को फिर तलाश की जा रही है। नदी में तेज बहाव होने के कारण रेस्क्यू टीम को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
*आज भी बारिश का अंदेशा :* मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार कल गुरुवार को भिंड, दतिया में अधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके लिए ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं मुरैना, श्योपुर में भी बारिश के आसार है।
