जबलपुर: तेवर स्थित त्रिपुर सुंदरी मंदिर की चल एवं अचल संपत्तियों के सर्वेक्षण, सत्यापन, सूचीकरण एवं अभिलेखीकरण की कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व गोरखपुर अनुराग सिंह के आदेश पर गठित समिति द्वारा प्रारंभ की गई कार्यवाही के दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षित रखी गई सीलबंद पेटी को नियमानुसार खोला उसमें रखे स्वर्ण एवं रजत आभूषणों सहित अन्य सामग्री का भौतिक सत्यापन और सूचीकरण किया गया। पूरी प्रक्रिया समिति के सदस्यों की उपस्थिति में पारदर्शी एवं विधिसम्मत तरीके से संपन्न कराई गई।
सत्यापन में पेटी से लगभग 26.17 किलोग्राम चांदी तथा करीब 200 ग्राम स्वर्ण आभूषण एवं सामग्री प्राप्त हुई। इनका विस्तृत विवरण तैयार कर अभिलेखों में दर्ज किया गया तथा सामग्री को सुरक्षित अभिरक्षा में रखने की कार्रवाई की गई। प्राप्त संपत्ति का वर्तमान बाजार मूल्य लगभग 95 लाख रुपये आंका गया है। यह कार्यवाही कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश और अतिरिक्त तहसीलदार गोरखपुर, जनपद पंचायत जबलपुर के सीईओ एवं मंदिर समिति के सदस्यों की उपस्थिति में की गई। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने निर्देश दिए हैं कि मंदिर की सभी चल एवं अचल संपत्तियों का समुचित अभिलेखीकरण, संरक्षण और पारदर्शी प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए, ताकि धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर सुरक्षित रहे और भविष्य में किसी प्रकार की अनियमितता या दुरुपयोग की संभावना समाप्त हो सके। उन्होंने कहा कि मंदिर की परिसंपत्तियां सार्वजनिक धार्मिक संपत्ति हैं और उनके संरक्षण के लिए जिला प्रशासन पूर्णत: प्रतिबद्ध है। साथ ही मंदिर की समस्त संपत्तियों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
