सिंगरौली: “जाको राखे साइयां, मार न सके कोई” यह कहावत गुरुवार शाम राजमिलान क्षेत्र की रहने वाली मान कुमारी शाह पर पूरी तरह चरितार्थ होती नजर आई। तेज आंधी-तूफान के दौरान एक विशाल आम का पेड़ उनके ऊपर गिर गया, लेकिन समय पर किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन ने उनकी जान बचा ली।जानकारी के अनुसार गुरुवार की देर शाम करीब 7 बजे बैढ़न अंचल के कई हिस्सों में तेज आंधी और तूफान आया।
इसी दौरान ग्राम राजमिलान के पोखरा टोला निवासी मान कुमारी शाह (40 वर्ष), पति प्रकाश शाह, खेत के पास मौजूद थीं। अचानक तेज हवाओं के कारण एक भारी-भरकम आम का वृक्ष धराशायी होकर उनके ऊपर गिर पड़ा। महिला पेड़ के नीचे दब गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई तथा अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही बंधौरा चौकी प्रभारी बी.एल. बंसल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। पेड़ का आकार बड़ा होने के कारण दो हाइड्रा मशीन और एक जेसीबी मशीन की सहायता ली गई। काफी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू के बाद घायल मान कुमारी को एंबुलेंस के जरिए ट्रामा सेंटर, जिला चिकित्सालय बैढ़न भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि उनकी हालत में लगातार सुधार हो रहा है।
पुलिस की तत्परता, मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की क्षेत्रवासियों ने जमकर सराहना की है। लोगों का कहना है कि समय रहते रेस्क्यू नहीं होता तो हादसा और गंभीर हो सकता था। बंधौरा पुलिस के इस सराहनीय कार्य की पूरे क्षेत्र में चर्चा हो रही है।
