
अशोकनगर। देहात थाना क्षेत्र की गरीब रथ कॉलोनी में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक गर्भवती महिला को लेने आई 108 एम्बुलेंस कॉलोनी के कीचड़ से भरे रास्ते में फंस गई। जानकारी के अनुसार गर्भवती वंदना यादव को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने 108 एम्बुलेंस को कॉल किया, लेकिन कॉलोनी में गड्ढों और कीचड़ के कारण एम्बुलेंस बीच रास्ते में ही धंस गई।एम्बुलेंस के कीचड़ में फंसने के कारण परिजनों ने आनन-फानन में गर्भवती महिला को एक निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना पर सरपंच मौके पर ट्रैक्टर लेकर पहुंचे, जिनकी मदद से कीचड़ में फंसी एम्बुलेंस को बाहर निकाला गया। मौके पर पहुंचे तहसीलदार भारतेंदु यादव, देहात थाना पुलिस और पटवारी ने हालात का जायज़ा लिया। इस दौरान कॉलोनी वासियों ने बिजली और सड़क की समस्या को लेकर नाराज़गी जताते हुए चक्का जाम की चेतावनी दी। रहवासियों ने बताया कि कॉलोनी में लंबे समय से न सड़क है और न ही नियमित बिजली आपूर्ति हो रही है, जिससे आए दिन परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। तहसीलदार भारतेंदु यादव ने रहवासियों को आश्वासन दिया कि बिजली की व्यवस्था के लिए 15 दिन में कर दी जायेगी , वहीं सड़क के लिए जल्द व्यवस्था की जाएगी।
