जबलपुर: खमरिया थाना अंतर्गत इंद्रावास कालोनी लालमाटी, उमरिया में दो दिन पहले मारपीट, आगजनी के प्रयास के बाद भी आरोपी पर अभी तक पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है। परिजनों ने पुलिस के आला अफसरों से मांग की है कि सुरेंद्र सिंह ठाकुर के खिलाफ जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई की जाए।विदित हो कि आशा वंशकार के घर के आंगन में 12 जून को शाम 7:30 बजे उनके दामाद सुरेन्द्र सिंह ठाकुर ने गाली-गलौज, मारपीट एवं आगजनी का प्रयास किया था ।
आशा की बेटी कविता वंशकार ने जनवरी 2026 में सुरेन्द्र से प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद वह दोनों आशा के पड़ोस में रहते थे। सुरेन्द्र आशा को छोटी-छोटी बातों को लेकर परेशान करता था और मारपीट करता था, जिससे तंग आकर कविता ने घर छोड़ दिया और वह आशा के साथ आकर रहने लग गई, वह गर्भवती है उसका आखिरी महीना चल रहा है।
हद तो तब पर हो गई जब सुरेन्द्र ने शाम को आशा के आंगन में आकर गाली-गलौज करना शुरु कर दिया, जब कविता ने उसे गाली देने से मना किया तो उसने कविता के साथ लात-घूसो से मारपीट की जिससे कविता की पीठ और बायें हाथ पर गंभीर चोटें आई। बताया जा रहा है कि आरोपी का वीडियो भी परिजनों ने पुलिस के समक्ष प्रस्तुत किया है बावजूद इसके लिए उसके खिलाफ पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। आलम ये है कि परिजन अब डर के साये में रहने मजबूर हो गए हैं। परिजनों का कहना है खमरिया पुलिस ने एफआईआर तो दर्ज की है लेकिन उसे गिरफ्तार नहीं किया गया है।
