
पुलिस पहुंची तो नहीं मिला कोई
नवभारत न्यूज,
बुरहानपुर। बुरहानपुर के असीरगढ़ गांव में मुगलकालीन सोने के सिक्के मिलने की अफवाह फैल गई। आज गुरुवार एक वीडियो सामने आया, जिसमें रात में काफी लोग खेत में खुदाई करते नजर आए। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो कोई नहीं मिला।
बताया जा रहा है कि वीडियो इंदौर.इच्छापुर हाईवे के पास असीरगढ़ गांव का है। यहां एक खेत में रात के समय लोग टॉर्च लिए छलनी, गेती, फावड़ा और तगारी लेकर पहुंचे थे। इसकी जानकारी मिलने पर रात करीब ढाई बजे डायल 100 और निंबोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो खेत खाली था।
हालांकि वीडियो कल रात का है या पुराना पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। बता दें कि करीब 5 माह पहले भी यहां इसी तरह की अफवाह फैलने पर लोगों ने मुगलकालीन सोने के सिक्कों की तलाश में खुदाई की थी। एक खेत में कई जगह गड्ढे कर दिए थे।
जांच के लिए पुलिस टीम मौके पर मौजूद:-निंबोला थाना प्रभारी राहुल कांबले ने कहाए यह महज एक अफवाह है। करीब पांच माह पहले भी लोग खेत में पहुंचे थे। बुधवार रात वीडियो वायरल होने पर करीब ढाई बजे पुलिस मौके पर पहुंची थी। आज भी जांच के लिए टीम को भेजा गया, लेकिन कोई नहीं मिला।
खेत के पास स्थायी डायल 100 रहेगी:-निंबोला थाना प्रभारी राहुल कांबले ने कहा- अब वहां स्थायी रूप से डायल 100 का पॉइंट लगा दिया जाएगा, ताकि लोग जमा न हो पाए। लोगों से अपील है कि ऐसी किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं दें। जो लोग इस तरह का भ्रम फैला रहे हैं उनके खिलाफ पुलिस अब सख्ती के साथ कार्रवाई करेगी, क्योंकि पिछले पांच माह से यही अफवाह चल रही है।
