
सीधी। शहर के पड़रा बाईपास में गुरुवार सुबह करीब 11 बजे जियो पेट्रोल पंप के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर 108 एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय सीधी पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों के पैरों में गंभीर फ्रैक्चर हुए हैं और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़े गौरव तिवारी और रामप्रकाश साकेत ने बताया कि चारों युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े थे। स्थिति को देखते हुए दो एंबुलेंस बुलाकर सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
रामप्रकाश साकेत के अनुसार दो युवक बेहोशी की हालत में थे। घायलों में दो की पहचान मुकेश रावत और जित्तू रावत निवासी कुदारी, बहरी थाना क्षेत्र के रूप में हुई है, जबकि दो अन्य घायलों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस सक्रिय हो गई। उपनिरीक्षक विवेक द्विवेदी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर सामने आई है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
