सतना: रेलवे स्टेशन पर बुधवार को रेलवे प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आई। उद्घोषणा प्रणाली और इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड पर इंटरसिटी एक्सप्रेस के आगमन की सूचना दी जा रही थी, लेकिन प्लेटफॉर्म पर महाकौशल एक्सप्रेस पहुंच गई। इस गड़बड़ी से यात्रियों में भ्रम और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
रेलवे यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर चाहे जितने दावे करे, लेकिन बुधवार को सतना रेलवे स्टेशन पर हुई एक बड़ी चूक ने इन दावों की पोल खोल दी। प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर यात्री इंटरसिटी एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे थे। स्टेशन पर लगातार इंटरसिटी एक्सप्रेस के आगमन की उद्घोषणा की जा रही थी, वहीं इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड पर भी इंटरसिटी एक्सप्रेस का नाम प्रदर्शित हो रहा था।
उद्घोषणा और डिस्प्ले बोर्ड पर भरोसा कर बड़ी संख्या में यात्री अपने सामान के साथ ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। लेकिन जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंची, वह इंटरसिटी नहीं बल्कि महाकौशल एक्सप्रेस निकली। अचानक सामने आई इस स्थिति से यात्रियों में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई। कई यात्री ट्रेन में चढ़ने और उतरने को लेकर असमंजस में नजर आए।
यात्रियों का कहना है कि रेलवे की उद्घोषणा प्रणाली और डिस्प्ले बोर्ड ही उनकी जानकारी का प्रमुख माध्यम होते हैं। ऐसे में गलत सूचना प्रसारित होने से न केवल यात्रियों को परेशानी होती है, बल्कि भविष्य में यह लापरवाही किसी बड़ी दुर्घटना या अव्यवस्था का कारण भी बन सकती है।
स्टेशन प्रबंधक ए. मतीम ने बताया कि कमर्शियल विभाग वालों से स्पष्टीकरण मांगा गया है, उसके बाद ही कोई कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी
