इटारसी: रेलवे स्टेशन के पुराने ब्रिज और गेट को बंद करने के बाद जीआरपी थाने के सामने बनाए गए नए ब्रिज के पास लगातार ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है। शहर से स्टेशन की ओर आने-जाने वाले लोग, यात्री, माल गोदाम के ट्रक और यार्ड की ओर जाने वाली पब्लिक रोजाना घंटों जाम में फंसी रहती है। स्थिति ऐसी है कि न तो आरपीएफ नियंत्रण कर पा रही है और न ही जीआरपी पुलिस के पास कोई ठोस व्यवस्था है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे अधिकारियों ने बिना आम जनता की सुविधा का ध्यान रखे पुराने टिकट विंडो को वहीं पर जारी रखा है, जबकि नए टिकट काउंटर अधूरे होने के कारण शुरू नहीं किए जा सके हैं। इससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।इधर, शहर में बन रहे एक मॉल को लेकर भी विवाद गहराता जा रहा है। जानकारी के मुताबिक कुछ व्यापारियों ने मॉल में दुकानों को भारी कीमत चुकाकर खरीदा था, लेकिन बाद में दुकानों की बिक्री ठप पड़ गई।
इस वजह से खरीदार व्यापारी उलझन में हैं। सूत्रों के अनुसार, मॉल के भागीदार भी इसे घाटे का सौदा मानते हुए प्रोजेक्ट से दूरी बनाने लगे हैं। उनका कहना है कि पिछले पाँच वर्षों में लगाए गए निवेश का ब्याज तक नहीं मिल पा रहा है, जिससे यह परियोजना घाटे में जाती दिख रही है।स्थानीय नागरिकों ने रेलवे प्रशासन से ट्रैफिक और यात्री सुविधा संबंधी व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार की मांग की है।
