जबलपुर: गोकलपुर वार्ड के शोभापुर स्थित विकल मोड़ पर लगातार कचरा और मरे हुए जानवर फेंके जाने से क्षेत्रवासियों की परेशानियां बढ़ गई हैं। युवक कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव रोहित सैनी ने आरोप लगाया कि नगर निगम की लापरवाही के कारण यह स्थान कचरा डंपिंग का अड्डा बन गया है। यहां बड़ी संख्या में आवारा कुत्ते जमा रहते हैं, जिससे आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं।
साथ ही कचरे और मृत पशुओं से उठने वाली दुर्गंध के कारण शोभापुर, पुराना शोभापुर, भड़पूरा, उदयनगर और आजाद नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रोहित सैनी ने कहा कि इस समस्या को लेकर क्षेत्र की जनता में लगातार आक्रोश बढ़ रहा है और कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर कचरा डंपिंग बंद कर क्षेत्र की सफाई नहीं कराई गई तो स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर नगर निगम के संबंधित जोन कार्यालय का घेराव किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।
