
सीधी, शहर के पडऱा स्थित एक विद्युत पोल के स्टे वायर में करंट उतरने से उसकी चपेट में आए एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के इसकी सूचना जमोड़ी पुलिस एवं विद्युत विभाग को लोगों ने दी। घटना के बाद लोगों की काफी भीड़ मौके पर जमा हो गई। मृतक की पहचान कोतवाली थाना अंतर्गत वार्ड क्रमांक 24 पुरानी सीधी निवासी अरमान खान पिता कलुआ खान के रूप में हुई। बताया गया है कि आज सुबह करीब 9 बजे अरमान खान कार्य के सिलसिले में पडऱा गया था। वहां सडक़ के किनारे स्थित विद्युत पोल के बगल से जब वह निकल रहा था तो वह पोल के स्टे वायर के संपर्क में आ गया। स्टे वायर में करंट प्रवाहित होने के चलते उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर जमोड़ी थाना पुलिस एवं विद्युत विभाग का अमला भी मौके पर पहुंचा। पुलिस द्वारा पंचनामा एवं पोस्टमार्टम कार्रवाई के पश्चात शव को परिजनों को सौंप दिया गया।
