यूजीसी के खिलाफ ग्वालियर बंद का मिला जुला असर, फूलबाग में उमड़ा जनसैलाब, पुलिस एलर्ट

ग्वालियर। आज गुरुवार को सवर्ण संगठनों द्वारा आहूत ग्वालियर बंद का शहर भर में मिला-जुला देखने को मिल रहा है। शहर के कई हिस्सों में दुकानें बंद हैं और यातायात के साधन भी कम ही चल रहे हैं। फूलबाग मैदान में आयोजित जनाक्रोश रैली में भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा है। इस विशाल प्रदर्शन में न केवल ग्वालियर जिले के ग्रामीण व शहरी अंचलों के लोग शामिल हो रहे हैं बल्कि पड़ोसी जिलों शिवपुरी, भिण्ड, मुरैना, दतिया सहित प्रदेश भर से आए कई सामाजिक संगठनों और सवर्ण समाज बंधु भागीदारी कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए कहा कि वोट बैंक की खातिर सामाजिक समरसता और भाईचारे के ताने-बाने को छिन्न-भिन्न किया जा रहा है।

यूजीसी नियमों में रोलबैक, जातिगत नीतियों की समीक्षा और विभिन्न सामाजिक मुद्दों को लेकर सर्व संगठन और परशुराम सेना ने आज ग्वालियर बंद का यह आह्वान किया है। संगठनों की ओर से फूलबाग स्थित रानी लक्ष्मीबाई समाधि के सामने वाले मैदान में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जा रहा है। आंदोलन को लेकर पुलिस और प्रशासन अलर्ट है।

*इन मुद्दों को लेकर प्रदर्शन*

प्रदर्शनकारी संगठनों की प्रमुख मांगों में यूजीसी के हालिया दिशा-निर्देशों और नीतियों को वापस लेना शामिल है। इसके साथ ही सरकारी योजनाओं और आरक्षण व्यवस्था में सामाजिक संतुलन के लिए जातिगत नीतियों की समीक्षा की मांग की जा रही है। क्षेत्र के युवाओं, छात्रों और आम नागरिकों से जुड़े मुद्दे भी प्रदर्शन में उठाए जा रहे हैं।

*फूलबाग में प्रदर्शन की अनुमति*

प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को फूलबाग में रानी लक्ष्मीबाई समाधि के सामने वाले मैदान में एकत्र होने और प्रदर्शन की अनुमति दी है। आयोजकों ने आंदोलन को शांतिपूर्ण और अनुशासित रखने का आश्वासन दिया है। बंद के समर्थन में कई व्यापारिक और आम संगठन भी हैं।

*महाराज बाड़ा, मुरार और हजीरा पर सुरक्षा बढ़ाई*

बंद के आह्वान को देखते हुए महाराज बाड़ा, बाड़ा बाजार, मुरार और हजीरा समेत प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने संवेदनशील और प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च किया।

*चौराहों और प्रदर्शन स्थल पर निगरानी*

पुलिस ने प्रमुख चौराहों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया है। रानी लक्ष्मीबाई समाधि स्थल के आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

*जरूरी सेवाओं को बंद से रखा बाहर*

बंद के दौरान एम्बुलेंस, मेडिकल स्टोर, दूध-सब्जी और अन्य आपातकालीन सेवाओं को बंद से मुक्त रखा गया है, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो।

Next Post

प्रभारी मंत्री आज से दो दिवसीय जिले के प्रवास पर

Thu Sep 10 , 2026
सीधी। मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं सीधी जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप जायसवाल 10 एवं 11 सितम्बर को सीधी जिले के प्रवास पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रभारी मंत्री 10 सितम्बर को रात्रि 7 बजे परसिली रिसोर्ट सीधी पहुंचेंगे तथा रात्रि […]

You May Like