मतदाता सूची की गड़बड़ियों का ठीकरा सॉफ्टवेयर पर फोड़ना अस्वीकार्य : कांग्रेस

नयी दिल्ली, 24 अक्टूबर (वार्ता) कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव की मतदाता सूची में गड़बड़ियों को लेकर चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को फायदा पहुंचाने के लिए की गई सुनियोजित साजिश का ठीकरा सॉफ्टवेयर पर फोड़ने की कोशिश स्वीकार्य नहीं है।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव की मतदाता सूची में किसी मतदाता का नाम ‘राम ने यादव को मारा’ और उसके पिता का नाम ‘मूर्ख चंद्र यादव’ दर्ज है। इसी तरह से किसी मतदाता के पिता का नाम ‘बी. कॉम’ और किसी का नाम ‘राम ने शर्मा का नाम’ दर्ज किया गया है। आयोग का मतदाता सूचियों को शुद्ध करने के घोषित उद्देश्य से शुरू की गई विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया ने उनकी विश्वसनीयता को और भी संदेह के घेरे में ला दिया है।

उन्होंने दावा किया कि लोकसभा और हरियाणा, महाराष्ट्र तथा पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न राज्यों के चुनावों में वोट चोरी को लेकर लोगों का संदेह अब विश्वास में बदलता जा रहा है। उनकी पार्टी का स्पष्ट मानना है कि भाजपा ने चुनाव आयोग से मिलीभगत कर चुनाव जीते हैं। वोट चोरी को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के सवालों का जवाब देने के बजाय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी पार्टी भाजपा श्री गांधी पर व्यक्तिगत हमले कर रहे हैं।

कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे, भाजपा को फायदा पहुंचाने के मकसद से चलाई जा रही एसआईआर प्रक्रिया पर रोक लगाने, मतदाता सूची की निष्पक्ष जांच कराने, पूरा मशीन-रीडेबल डेटा सार्वजनिक करने और हर पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

.....

Next Post

जिला चिकित्सालय के विस्तार को 372.12 करोड़ की मंजूरी

Sat Oct 24 , 2026
सिंगरौली : जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में राज्य शासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने जिला चिकित्सालय सिंगरौली में अतिरिक्त 155 बिस्तरीय अस्पताल भवन के निर्माण सहित विभिन्न कार्यों के लिए 372.12 करोड़ रुपये की पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। […]

You May Like