इंदौर: कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर में आगामी चुनाव को लेकर मंथन किया गया. कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अनुशासन रहने एवं संगठन विरोधी गतिविधि पर चेतावनी भी दी गई. साथ ही सभी पदाधिकारियों को पार्टी हित में अपने कामकाज की रिपोर्ट भी देना होगी.शहर एवं जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आज समापन हो गया. आज के सत्र में राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, प्रभारी हरीश चौधरी, राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दुबे, अपूर्व भारद्वाज ने विभिन्न मुद्दों और संगठन की बारीकियों पर अपने विचार और सुझाव व्यक्त किए. पहले सत्र में अपूर्व भारद्वाज ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग एवं वर्तमान समय में इसकी उपयोगिता के संबंध में जानकारी दी.
द्वितीय सत्र में डॉ. मेजर मनोज राज ने जवाहरलाल नेहरू के साहित्य एवं उनके विचारों पर संबोधित किया. तृतीय सत्र में अभय दुबे ने राम मंदिर चंदे और चढ़ावे से जुड़े आरोपों एवं सवालों के संबंध में जानकारी साझा की. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी हरीश चौधरी ने अपने उद्बोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी निरंतर बदलाव की दिशा में आगे बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू एवं इंदिरा गांधी के कार्यों और उनके योगदान को जनता के बीच प्रभावी ढंग से पहुंचाना आवश्यक है. उन्होंने कांग्रेस को एक परिवार बताते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को संगठन को परिवार की भावना से देखना चाहिए. पार्टी को नुकसान पहुंचाने वाले स्लीपर सेल की गतिविधियों पर नजर रखकर संगठन को मजबूत करने पर कम करना होगा.
राष्ट्रीय सचिव उषा नायडू ने शिविर में शामिल ब्लॉक अध्यक्षों एवं मंडल अध्यक्षों से संवाद कर प्रशिक्षण कार्यक्रम और संगठनात्मक गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली. शिविर की सफलता के लिए मुख्य संयोजक महेंद्र जोशी का शहर एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा और राष्ट्रीय सचिव उषा नायडू ने सम्मान किया. शिविर में विजयलक्ष्मी साधौ, एन.पी. प्रजापत, रीना बोरासी सेतिया, जिला प्रभारी गजेंद्र सिंह सिसौदिया , राधेश्याम पटेल, दिनेश मल्हार , मोती सिंह पटेल, पिंटू जोशी, अविरल जैन, विनय बाकलीवाल, नेता प्रतिपक्ष सोनिला मीमरोट, अमन बजाज, राजू भदौरिया, संगठन महामंत्री दौलत पटेल, संजय बाकलीवाल, पार्षद सीमा सोलंकी, कुणाल सोलंकी, सादिक खान, अनवर दस्तक, अंसाफ अंसारी, शहर कोषाध्यक्ष शैलेश गर्ग, महामंत्री अभिषेक शर्मा बिट्टू, जिला कोषाध्यक्ष हनी यादव, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अमित चौरसिया, सदाशिव यादव सहित संगठन के पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष सहित कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे.
ब्लॉक, वार्ड अध्यक्ष की अनुशंसा पर पार्षद टिकट – पटवारी
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया. उन्होंने बूथ अध्यक्षों के माध्यम से मोहल्ला समितियों के गठन और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने की बात कही. उन्होंने कहा कि आगामी नगर निगम चुनावों में टिकट वितरण की प्रक्रिया में ब्लॉक अध्यक्ष एवं वार्ड अध्यक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी. कांग्रेस संगठन के पदाधिकारी को अपने कामकाज की रिपोर्ट हर दिन देना होगी. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के द्वारा बनाए गए सिस्टम में जो पदाधिकारी अपने कामकाज की रिपोर्ट नहीं देगा उसे दिल्ली से ही सीधे हटा दिया जाएगा. आने वाले समय में कांग्रेस के द्वारा हर 25 घर पर एक कमेटी बनाई जाएगी, जिसमें 10 लोग लिए जाएंगे. हर बूथ में इस तरह की चार से पांच कमेटी होगी. हमें हर घर तक जाकर संगठन को मजबूत करना है.
वोट चोरी और ईवीएम मशीन में गड़बड़ी से जीती भाजपा – विवेक तन्खा
कांग्रेस राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को बताया कि उनके पिता के कहने पर जवाहरलाल नेहरू, महात्मा गांधी और इंदिरा गांधी सहित कई महापुरुषों की किताब पढ़ने की दिख दी गई थी. उनकी किताबों से मै कांग्रेस पार्टी की विचारधारा से जुड़ा. विवेक तन्खा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पंडित जवाहरलाल नेहरू के विचारों और उनकी लोकतांत्रिक एवं समावेशी सोच की पार्टी है. उन्होंने कहा कि नेहरू की सोच व्यापक, बौद्धिक और सभी धर्मों को साथ लेकर चलने वाली थी. उन्होंने जबलपुर लोकसभा चुनाव के विषय में बताया कि आम जनता ने खूब सहयोग और समर्थन दिया था. चुनाव परिणाम आने पर चार लाख से मेरी हार हुई. भाजपा ने वो चुनाव ईवीएम मशीन में वोट चोरी करके जीता है. ईवीएम मशीन में गड़बड़ी और वोट चोरी से भाजपा सत्ता में है. आपको सिर्फ पार्टी ही नहीं, बल्कि ईवीएम मशीन से भी मुकाबला करना है
