वाशिंगटन, 16 फरवरी (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गाज़ा शांति योजना में अंतरराष्ट्रीय योगदान की घोषणा करते हुए सोमवार को कहा कि शांति बोर्ड के सदस्य देशों ने क्षेत्र में मानवीय एवं पुनर्निर्माण कार्यों के लिए पांच अरब डॉलर से ज्यादा देने का वादा किया है। श्री ट्रंप ने कहा कि इस पहल को 19 फरवरी 2026 को वाशिंगटन डीसी में ‘डोनाल्ड जे ट्रंप शांति संस्थान’ में अंतिम रूप दिया जाएगा। यहां ‘शांति बोर्ड’ के सदस्य बैठक करेंगे। श्री ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, “ शांति बोर्ड में असीम संभावनाएं हैं। वाशिंगटन डीसी के डोनाल्ड जे ट्रंप शांति संस्थान में 19 फरवरी 2026 को शांति बोर्ड के सदस्य मेरे साथ होंगे जहां हम घोषणा करेंगे कि सदस्य देशों ने गाज़ा के मानवीय और पुनर्निर्माण कार्यों के लिए पांच अरब डॉलर से ज्यादा देने का वादा किया है। साथ ही गाज़ा के लोगों के लिए सुरक्षा और शांति बरकरार रखने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्थायीकरण बल एवं स्थानीय पुलिस बल में हजारों कर्मी उतारने का भी वादा किया है। ”
श्री ट्रंप ने अपने बयान में दावा किया कि उन्होंने अक्टूबर 2025 में गाजा संघर्ष को पूरी तरह खत्म करने की एक योजना बनायी थी, जिसे संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने एकमत से स्वीकार कर लिया था। उन्होंने कहा कि उनकी पहल ने मानवीय राहत को ‘रिकॉर्ड रफ्तार से’ जरूरतमंदों तक पहुंचाया। साथ ही जीवित एवं मृत बंधकों को इजरायल वापस पहुंचाया था। श्री ट्रंप ने पिछले महीने स्विट्ज़रलैंड के दावोस में हुई ‘शांति बोर्ड’ की बैठक ओर इशारा करते हुए कहा कि यह बोर्ड न सिर्फ गाज़ा के लिए, बल्कि विश्व शांति के लिए है। श्री ट्रंप के अनुसार, यह पहल न सिर्फ गाज़ा का पुनर्निर्माण करेगी, बल्कि अंतरराष्ट्रीय शांति एवं सुरक्षा सहयोग के लिए एक विस्तृत नक्शा भी तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि स्थायी शांति के लिए हमास का विसैन्यीकरण जरूरी होगा। उन्होंने लिखा, “सबसे जरूरी, हमास को पूर्ण एवं तत्काल विसैन्यीकरण के अपने वादे को पूरा करना होगा।” हमास ने अब तक इस नयी टिप्पणी का कोई जवाब नहीं दिया है।

