गुजरात में राष्ट्रीय खेल दिवस पर ‘खेल महाकुंभ-2025’ के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू

गांधीनगर, 29 अगस्त (वार्ता) गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को खेल महाकुंभ-2025 के लिए रजिस्ट्रेशन की शुरुआत की।

श्री पटेल ने हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले मेजर ध्यानचंद की जयंती पर देश भर में मनाए जाने वाले राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आज गुजरात के सबसे बड़े खेल उत्सव ‘खेल महाकुंभ-2025’ के लिए रजिस्ट्रेशन का प्रारंभ किया। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट एसोसिएशन ऑफ गुजरात की ओर से अहमदाबाद के कर्णावती क्लब में अवॉर्ड समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर खेल क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल करने वाले खेल जगत से जुड़े 20 लोगों को अवॉर्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि खेल भावना किसी भी खेल का एक अनिवार्य पहलू है। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट एसोसिएशन ऑफ गुजरात की ओर से खेल क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाले महानुभावों को सम्मानित करने का कार्यक्रम हम सभी के लिए गर्व की बात है। राष्ट्रीय खेल दिवस इस वर्ष गुजरात के लिए काफी अहम है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने कॉमनवेल्थ खेल 2030 के लिए अहमदाबाद की दावेदारी को मंजूरी दी है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विश्वस्तरीय स्टेडियम, अत्याधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं और उत्साही खेल संस्कृति वाला अहमदाबाद इस खेल के आयोजन के लिए एक आदर्श मेजबान शहर होगा।

गुजरात में खेल संस्कृति के संबंध में पटेल ने कहा कि गुजरात को ढाई दशकों से खेल और फिटनेस को लेकर प्रधानमंत्री के विजन का लाभ मिल रहा है। आज गुजरात में जिस पैमाने पर खेल संस्कृति विकसित हुई है, यह उनके ही विजन का ही परिणाम है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने ‘खेले वह खिले’ मंत्र के साथ वर्ष 2010 में गुजरात में खेल महाकुंभ की शुरुआत की थी। खेल महाकुंभ 3.0 में रिकॉर्डतोड़ 71 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। उन्होंने राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शुरू हुए खेल महाकुंभ-2025 के रजिस्ट्रेशन का उल्लेख करते हुए राज्य के सभी खेल प्रेमियों से इसमें रजिस्ट्रेशन कराने का अनुरोध किया।

राज्य में खेलों के बुनियादी ढांचे और खेल संस्कृति के विकास के बारे में आगे उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन के परिणामस्वरूप गुजरात ने खेल क्षेत्र में अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं। आज उभरते खिलाड़ियों को बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, उपकरण और सुविधाएं तथा प्रशिक्षण आसानी से उपलब्ध हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में पिछले दो दशक में राज्य में खेलों के बुनियादी ढांचे का निरंतर विकास हुआ है। 2002 में राज्य में तीन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स थे, जबकि आज राज्य के खिलाड़ियों के लिए 24 स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स उपलब्ध हैं। अहमदाबाद के नारणपुरा इलाके में 22 एकड़ क्षेत्र में मल्टी यूटिलिटी स्पोर्ट्स सेंटर आकार ले रहा है। यही नहीं, दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम नरेन्द्र मोदी स्टेडियम के पास 233 एकड़ क्षेत्र में सरदार वल्लभभाई पटेल स्पोर्ट्स एन्क्लेव का निर्माण हो रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गत एक दशक में देश की खेल संस्कृति में बहुत बड़ा परिवर्तन आया है। केंद्र सरकार ने हाल ही में संसद सत्र के दौरान राष्ट्रीय खेल प्रशासन विधेयक, 2025 और राष्ट्रीय डोपिंग रोधी (संशोधन) विधेयक, 2025 पारित कर खिलाड़ियों के हितों की रक्षा का ऐतिहासिक कदम उठाया है। भारत को वैश्विक खेल जगत का पावर हाऊस बनाने और 2036 के ओलंपिक खेलों सहित अंतरराष्ट्रीय खेल कार्यक्रमों में मजबूत दावेदारी करने के उद्देश्य से स्पोर्ट्स पॉलिसी-2025 भी घोषित की गई है।

मुख्यमंत्री ने सभी लोगों से देश में ही बने स्वदेशी उत्पाद और खेल सामग्री खरीदकर वोकल फॉर लोकल के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत और विकसित गुजरात से विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का अनुरोध किया।

Next Post

दिल्ली के क्षितिज नवीद कौल ने जीता कोलार ओपन

Fri Aug 29 , 2025
कोलार (कर्नाटक), 29 अगस्त (वार्ता) दिल्ली के क्षितिज नवीद कौल ने कर्नाटक के कोलार के पास स्थित ज़ायन हिल्स गोल्फ काउंटी में खेले गए 1 करोड़ रुपये इनामी कोलार ओपन 2025 पावर्ड बाय ज़ायन हिल्स में शानदार प्रदर्शन के साथ खिताबी जीत हासिल की। क्षितिज नवीद कौल (74-69-71-65), जो कल […]

You May Like

मनोरंजन