मुख्य संदिग्ध सोनू ठाकुर फरार
इंदौर: महालक्ष्मीनगर में बुधवार रात हुए गोलीकांड के पीछे जमीन संबंधी पुराना विवाद सामने आया है. हमलावरों ने रेकी कर 50 वर्षीय मनोज उर्फ मनोहर रामचरण नागर पर हमला किया. हमले में नागर के हाथ और पेट में गोली लगी है, फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.पुलिस सूत्रों के अनुसार, नागर की गाड़ी को हमलावरों ने पहले कार से टक्कर मारी. नागर जब कार का दरवाजा खटखटाने पहुंचा, तभी एक बदमाश ने उसकी आंख में मिर्ची पाउडर झोंक दिया.
इसी दौरान हेलमेट पहने दूसरे हमलावर ने पीछे से आकर तीन फायर कर दिए. वारदात का वीडियो भी सामने आया है. बताते हैं कि मनोज नागर के खिलाफ पहले से चार-पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी शामिल हैं. उसने रामकृष्ण बाग सहित कई कालोनियां काटी थीं और विवादित प्लॉटों पर कब्जे व दस्तावेज बनाकर बेचने का काम करता था. न्यायनगर की जमीनों को लेकर उसका कई लोगों से विवाद चल रहा था.
वीडियो में गोली चलाने वाले की पहचान वैभव लक्ष्मीनगर निवासी सोनू ठाकुर के रूप में होने की आशंका है. सूत्रों के मुताबिक, हमले से पहले आरोपी दो-तीन दिन तक नागर की गतिविधियों की टोह लेते रहे. पुलिस ने सोनू के रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ की, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है. सोनू का घर बंद मिला और वह परिवार समेत फरार है.
पुलिस की पड़ताल
खजराना और लसूड़िया पुलिस सोनू ठाकुर से जुड़े सभी लोगों पर नजर रख रही है. बताया जाता है कि सोनू पर खजराना थाने में पहले से तीन-चार केस दर्ज हैं और एक मामले में वह नागर का साथी भी रह चुका है. पुलिस को आशंका है कि गोलीकांड के पीछे कोई बड़ा राज छिपा है, जिसे नागर फिलहाल उजागर नहीं कर रहा.
