नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, गांजा और स्मैक तस्करी में चार आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली, 10 सितम्बर (वार्ता) दिल्ली पुलिस की उत्तरी-पश्चिमी जिला टीम ने नशे के कारोबार पर बड़ी चोट करते हुए दो अलग-अलग अभियानों में चार आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने कुल 21.20 किलोग्राम गांजा और 11.22 ग्राम स्मैक बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में दो गांजा आपूर्ति करने वाले, एक खरीदार और एक कुख्यात स्मैक आपूर्तिकर्ता शामिल हैं।
उपायुक्त भीष्म सिंह ने आज बताया कि 1 सितम्बर को पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस टीम ने स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने की कोशिश की। दोनों भागने लगे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उन्हें काबू कर लिया। तलाशी में उनके बैग से 21.20 किलो गांजा बरामद हुआ।
आरोपियों की पहचान भागलपुर, बिहार निवासी मनीष प्रसाद (21) और रामपुरा, दिल्ली निवासी रवि किशन (19) के रूप में हुई। दोनों पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामलों में शामिल पाए गए हैं। पूछताछ में सामने आया कि गांजा त्रिनगर निवासी राम कुमार (35) को सप्लाई किया जाना था। बाद में पुलिस ने कई दिन की तलाश के बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया। बरामद स्कूटी भी उसी की थी।
वहीं नौ सितम्बर को शालीमार बाग थाना पुलिस ने हैदरपुर इलाके से कुख्यात बदमाश राहुल उर्फ चुरवा (24) को दबोचा। उसके पास से 11.22 ग्राम स्मैक बरामद हुई। जांच में पता चला कि राहुल एक घोषित बदमाश है और पहले भी हत्या, लूट, झपटमारी और चोरी जैसे 16 संगीन अपराधों में शामिल रहा है। पुलिस का कहना है कि वह लंबे समय से स्मैक सप्लाई के धंधे में सक्रिय था और ग्राहकों को डिमांड पर नशा पहुँचाता था।
फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है और उनके नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।

Next Post

रैपिडो चालक से लूट की कोशिश, विरोध पर चाकू मारकर हत्या

Wed Sep 10 , 2025
नई दिल्ली, 10 सितम्बर (वार्ता) दिल्ली के रोहिणी में रैपिडो चालक से लूटपाट की कोशिश में असफल रहने पर तीन युवकों ने उसकी बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन दिल्ली पुलिस की रोहिणी जिला की केएन काटजू मार्ग थाना […]

You May Like