
ग्वालियर। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दतिया विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत का भरोसा जताया है। ग्वालियर प्रवास के दौरान उन्होंने नीट पेपर लीक मामले पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के लिए आए सिंधिया ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी भारी बहुमत से चुनाव जीतेंगे। उन्होंने कहा कि यह चुनाव विकास का चुनाव है और केंद्र व प्रदेश की डबल इंजन सरकार दतिया के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के विरोध में चल रहे छात्र आंदोलन पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंधिया ने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और उनकी मेहनत के साथ किसी भी तरह का अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जैसे ही अनियमितताओं की जानकारी सामने आई, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। सरकार इस पूरे मामले में दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठा रही है।
*फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए होगी त्वरित सुनवाई*
सिंधिया ने बताया कि इस मामले में कैबिनेट में एक विधेयक लाया जा रहा है, जिसके तहत फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया जाएगा। इससे पेपर लीक जैसे मामलों की शीघ्र सुनवाई होगी और दोषियों को जल्द सजा दिलाई जा सकेगी. उन्होंने कहा कि छात्रों के हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है और परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
