छतरपुर। बीती रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी झोपड़ी में जा घुसी, जिससे आदिवासी परिवार का आशियाना पूरी तरह तबाह हो गया। घटना रात करीब 10:30 बजे सिविल लाइन थाना के पास हुई, जब सफेद रंग की शेवरलेट कार (UP 90 M 3642) छतरपुर से खजुराहो की ओर जा रही थी।
तेज रफ्तार के कारण कार अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई और सीधे लोहगढ़िया आदिवासी परिवार की झोपड़ी में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि झोपड़ी, बैलगाड़ी और घर का पूरा सामान क्षतिग्रस्त हो गया।
गनीमत रही कि हादसे के समय परिवार के सदस्य झोपड़ी के अंदर नहीं थे। 65 वर्षीय मानसिंग लोहार, 70 वर्षीय रतन और 20 वर्षीय ओमप्रकाश बाहर खटिया पर बैठे थे, जबकि अन्य सदस्य पास में खाना बना रहे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार परिवार की जान महज कुछ इंच की दूरी से बच गई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने चालक के नशे में होने की आशंका जताई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद प्रभावित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है और प्रशासन से मदद की उम्मीद कर रहा है।
