शासकीय प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, मैहर में खगोल विज्ञान पर रोचक व्याख्यान आयोजित

मैहर: शासकीय प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, मैहर में खगोल विज्ञान पर आधारित रोचक एवं प्रायोगिक व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश सिंह ने की तथा आमंत्रित मुख्य वक्ता के रूप में प्रसिद्ध खगोलशास्त्री प्रो. एस. नटराजन ने विद्यार्थियों को खगोल विज्ञान की महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। व्याख्यान के दौरान प्रो. नटराजन ने खगोल विज्ञान से जुड़े विभिन्न रहस्यों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को प्रकृति एवं ब्रह्मांड के निकट पहुंचाने का सार्थक प्रयास किया।

उन्होंने सौरमंडल, ग्रहों, उपग्रहों तथा आकाशगंगाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उनके रोचक एवं ज्ञानवर्धक व्याख्यान से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने तथा अंतरिक्ष के प्रति जिज्ञासा बढ़ाने में सहायता मिली। प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।कलेक्टर श्रीमती मुखर्जी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन में निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए शत-प्रतिशत प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने एकाग्रता (Concentration), समर्पण (Dedication), निष्ठा (Devotion) एवं दृढ़ संकल्प जैसे जीवन मूल्यों को अपनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि निरंतर प्रयास, अनुशासन और लगन से विद्यार्थी अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश सिंह ने विद्यार्थियों के हित एवं शैक्षणिक उन्नति के लिए इस प्रकार के ज्ञानवर्धक और प्रायोगिक आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण प्रायोगिक सत्र रहा, जिसमें उपस्थित अतिथियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने टेलीस्कोप के माध्यम से चंद्रमा एवं शनि ग्रह के दर्शन किए। इस अनुभव से सभी ने हर्ष व्यक्त किया तथा खगोल विज्ञान को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. मंजुलता श्रृंगी ने आभार व्यक्त किया। व्याख्यान का सफल संचालन प्रो. शैलेन्द्र प्रताप ने किया। इस आयोजन ने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक चेतना, जिज्ञासा एवं अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Next Post

एक पिंजरे में आया, दूसरा अब भी जंगल मेंज् उमरिया खुर्द में कितने तेंदुए?

Sun Oct 25 , 2026
इंदौर: क्रिसेंट वाटर पार्क के सामने उमरिया खुर्द में तेंदुओं की लगातार मौजूदगी ने वन विभाग के सामने उनकी संख्या और गतिविधियों का पता लगाने की चुनौती खड़ी कर दी है. इस साल इसी क्षेत्र से तीन तेंदुओं का रेस्क्यू किया जा चुका है. अब घायल तेंदुए को पकड़ने के […]

You May Like