रायपुर, 10 मई (वार्ता) तिलक वर्मा (57) और नमन धीर (47) की शानदार पारियों के दम पर मुम्बई इंडियंस ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 54वें मुकाबले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ सात विकेट पर 166 रनों का स्कोर बनाया।
आज यहां आरसीबी ने टॉस जीतकर मुम्बई इंडियंस को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया। बल्लेबाजी करने उतरी मुम्बई इंडियंस को भुवनेश्वर कुमार के कहर का सामना करना पड़ा और उसने महज 28 रन के स्कोर पर अपने तीन शीर्ष बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिये। रायन रिकलटन (दो) ,रोहित शर्मा (22) तथा कप्तान सूर्यकुमार यादव (शून्य) पर आउट हुये। इसके बाद नमन धीर और तिलक वर्मा ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट लिए 82 रनों की साझेदारी हुई। 13वें ओवर में रसिख सलाम ने अर्धशतक की ओर बढ़ रहे नमन धीर को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। नमन धीर ने 32 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के लगाते हुए 47 रन बनाये।
16वें ओवर में रोमारियो शेफ़र्ड ने विल जैक्स (10) रन को आउट किया। इसके बाद 18वें ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने तिलक वर्मा का शिकार कर लिया। तिलक वर्मा ने 42 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के उड़ाते हुए (57) रनों की पारी खेली। 19वें ओवर में हेजलवुड ने राज बावा (15) को आउट किया। मुम्बई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवरो में सात विकेट पर 166 रनों का स्कोर खड़ा किया। कॉर्बिन बॉश (पांच)और दीपक चाहर (एक) रन बनाकर नाबाद रहे।
आरसीबी के लिए भुवनेश्वर कुमार ने चार विकेट लिये। रसिख सलाम, रोमारियो शेफ़र्ड और जॉश हेजलवुड ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
