महंत आनंदगिरि को मिली निरंजनी अखाड़े की सर्वोच्च जिम्मेदारी

रतलाम। धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से बुधवार का दिन रतलाम के लिए ऐतिहासिक बन गया। पहली बार शहर में किसी संत का महामंडलेश्वर पद पर विधिवत पट्टाभिषेक सम्पन्न हुआ। श्री पंचायती श्री निरंजनी अखाड़ा के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य समारोह में सैलाना क्षेत्र के ग्राम आडवाणिया आश्रम के महंत श्रीश्री 1008 आनंद गिरि महाराज को वैदिक परंपरा और अखाड़ा मर्यादा के अनुरूप महामंडलेश्वर की उपाधि प्रदान की गई।

समारोह की अध्यक्षता अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं 13 अखाड़ों के अध्यक्ष श्रीश्री 1008 स्वामी रवींद्र पुरी महाराज ने की। आयोजन की शुरुआत श्रीराम मंदिर से निकली भव्य पेशवाई से हुई। सुसज्जित रथों, धार्मिक झांकियों, संत-महात्माओं और हजारों श्रद्धालुओं के साथ निकली शोभायात्रा ने शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए सैलाना रोड स्थित श्रीजी पैलेस तक पहुंची। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने संतों का स्वागत कर पुष्पवर्षा की। मुख्य समारोह में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच महंत आनंद गिरि महाराज का पट्टाभिषेक सम्पन्न कराया गया। अभिषेक के साथ ही उन्हें श्री पंचायती श्री निरंजनी अखाड़ा की परंपरा के अनुरूप महामंडलेश्वर की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके बाद आयोजित धर्मसभा में संतों ने सनातन धर्म के संरक्षण, अखाड़ा परंपरा की गौरवशाली विरासत और समाज में आध्यात्मिक जागरण की आवश्यकता पर अपने विचार रखे।

समारोह में निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज, आनंद अखाड़ा पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरी महाराज, महामंडलेश्वर वैराग्यानंद गिरी महाराज, पंचायती श्री निरंजनी अखाड़ा के सचिव महंत रामरतन गिरी महाराज, उज्जैन चारधाम आश्रम के महामंडलेश्वर शांति स्वरूपानंद महाराज सहित देशभर से आए अनेक संत, धर्माचार्य और विद्वान उपस्थित रहे। आयोजन में शहर के साथ आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। शिवोदय शिवशक्ति साधना सेवा संस्था के पदाधिकारियों ने इसे शहर के लिए गौरव का क्षण बताते हुए सभी संतों, श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। महामंडलेश्वर पद ग्रहण करने के बाद आनंद गिरि महाराज ने कहा कि यह सम्मान नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, समाज और राष्ट्र की सेवा का एक महत्वपूर्ण दायित्व है, जिसका निर्वहन वे पूर्ण समर्पण और निष्ठा के साथ करेंगे।

 

राम मंदिर से निकली पेशवाई

 

आयोजन से पूर्व श्रीराम मंदिर से निकली भव्य पेशवाई से हुई। सुसज्जित रथों, धार्मिक झांकियों, संत-महात्माओं और हजारों श्रद्धालुओं के साथ निकली शोभायात्रा ने शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए सैलाना रोड स्थित श्रीजी पैलेस तक पहुंचकर पूरे शहर को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।

Next Post

फांसी के फंदे में लटका युवक, मौत

Wed Jun 17 , 2026
छिंदवाड़ा। देहात थाना क्षेत्र के रहने वाले युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है। बताया जा रहा है कि उसने सूने घर में फांसी लगाई थी। जानकारी अनुसार षिवम पिता रोषन बरकड़े उम्र 23 ढिमराढाना का रहने वाला है। उसके […]

You May Like