इंदौर: अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र की सिल्वर पैलेस कॉलोनी में रहने वाले एक तिब्बती व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना का पता उस समय चला, जब पत्नी के लगातार फोन करने के बाद भी जवाब नहीं मिला. पड़ोसियों ने दरवाजा खोला तो अंदर उसका शव फांसी पर लटका मिला.
साईं सुदर्शन बिल्डिंग के फ्लैट में किराए से रहने वाले 40 वर्षीय सोनम पिता गोप्पो जोरनी का शव शुक्रवार रात कमरे में मिला. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सोनम ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है. सोनम मूल रूप से देहरादून के रहने वाले थे और कुछ माह पहले ही इंदौर आए थे. वह दशहरा मैदान में लगने वाले तिब्बती बाजार से जुड़े हुए थे और कपड़ों के कारोबार के साथ अपनी संस्था का संचालन भी करते थे. शुक्रवार को उनकी पत्नी लगातार उन्हें फोन कर रही थीं, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई, इसके बाद उन्होंने पड़ोसियों से संपर्क किया. पड़ोसियों ने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंचे लोगों ने दरवाजा खुलवाने के बाद सोनम को फंदे से उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. पुलिस को कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मामले में जांच की जा रही है…
मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है. मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और आसपास के लोगों से जानकारी ली जा रही है.
– हितगोपाल यादव, थाना प्रभारी, अन्नपूर्णा
