रेस्तरां में सामान गुम होने की बात पर विवाद

इंदौर: कनाड़िया थाना क्षेत्र में बायपास स्थित ट्रीज़ल रेस्तरां में खाना खाने आए दो परिवारों के बीच मामूली बात पर खूनी झड़प हो गई. खोए हुए सामान में मदद की बात कहने पर दूसरे परिवार के लोगों ने गाली-गलौज करते हुए युवक के मुंह पर मुक्का मार दिया, जिससे उसका आधा दांत टूट गया. यही नहीं, आरोपियों ने खाने वाले कांटे (फोर्क) से हमला कर युवक और उसके परिवार के साथ जमकर मारपीट की.
सुदामा नगर सेक्टर ई निवासी फरियादी राजा पिता शरद चौहान ने कनाड़िया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है. फरियादी ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ कनाड़िया बायपास स्थित ट्रीज़ल रेस्तरां में खाना खाने गए थे. उनके पास की टेबल पर एक अन्य परिवार बैठा था, जो खाना खाकर बाहर चला गया. कुछ देर बाद उनका एक लड़का कुछ ढूंढते हुए आया और सामान गिरने की बात कहने लगा. इस पर राजा ने कहा कि आप जहां बैठे थे, उस टेबल के नीचे देख लीजिए. इसके कुछ देर बाद वह परिवार अचानक रेस्तरां के अंदर आया और बिना किसी बात के राजा व उनके परिवार को गालियां देने लगा. जब राजा ने गाली-गलौज का विरोध किया, तो आरोपी जय ने उनके मुंह पर जोरदार मुक्का जड़ दिया, जिससे उनका सामने का ऊपर वाला आधा दांत टूट गया. इसी दौरान अनूप नामक आरोपी ने खाने वाले कांटे से हमला कर दिया, जबकि मुस्कान नाम की महिला ने राजा, उनके भाई संभाजी और भाभी साक्षी के साथ लात-घूंसों से मारपीट की. कनाड़िया थाना प्रभारी सहर्ष यादव ने बताया कि आरोपी जय, अनूप और मुस्कान के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Next Post

मानपुर और हातोद में दो दर्दनाक हादसे

Mon Aug 17 , 2026
इंदौर: देहात थाना क्षेत्रों में मानपुर और हातोद में हुए दो भीषण सड़क हादसों में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. पहला हादसा मानपुर थाना क्षेत्र के एबी रोड स्थित ग्राम कालीकिराय में अजनार नदी पुलिया के पास […]

You May Like