रीवा में प्राचीन दरगाह को नुकसान, पुलिस जांच में जुटी

रीवा। रीवा जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत अमवा गांव में स्थित एक प्राचीन दरगाह और उससे जुड़े मुस्लिम कब्रिस्तान को नुकसान पहुंचाए जाने का मामला सामने आया है. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे.

स्थानीय लोगों के अनुसार, गांव में वर्षों पुरानी एक दरगाह और उससे लगा कब्रिस्तान है. रोज की तरह जब ग्रामीण सुबह कब्रिस्तान पहुंचे तो देखा कि दरगाह ढही हुई है और कब्रों पर लगे शिलालेख उखड़े पड़े हैं. इस दृश्य को देखकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया.

मुस्लिम समाज के लोगों ने इस घटना को असामाजिक तत्वों की करतूत बताते हुए इसे सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने का प्रयास बताया है. उनका कहना है कि धार्मिक स्थल को नुकसान पहुंचाकर गांव के शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने की कोशिश की गई है.

स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि दरगाह को भारी मशीन की मदद से नुकसान पहुंचाया गया, हालांकि इस संबंध में अभी पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. पुलिस ने मौके का मुआयना कर साक्ष्य एकत्र किए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है.

घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है. प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

ऑटो से खींचकर ले गया था कार, सीसीटीवी से खुला मामला; चंद घंटों में चोरी गई कार बरामद

Sun Jan 4 , 2026
इंदौर। तुकोगंज थाना क्षेत्र में हुई कार चोरी की वारदात का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया वाहन बरामद कर लिया. जांच में सामने आया कि आरोपी ने कार स्टार्ट किए बिना ऑटो की मदद से उसे खींचकर वारदात को अंजाम दिया […]

You May Like